बेगूसराय, 13 नवम्बर । बिहार के बेगूसराय में भोज खाने के बाद बीमार पड़े छह बच्चों में से दो की मौत के बाद दो और बच्चों को देर रात सदर अस्पताल लाया गया है। जहां कि स्पेशल वार्ड में चिकित्सक गहन इलाज कर रहे हैं। फिलहाल सदर अस्पताल में दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
सदर अस्पताल में इलाज करा रहे परिजनों ने बताया कि तेघड़ा थाना क्षेत्र के पकठौल में शनिवार की रात एक व्यक्ति के घर मुंडन का भोज आयोजित किया गया था। जिसमें अन्य लोगों के साथ-साथ सत्तो तांती के परिवार के भी छह बच्चों में भोज खाया था। भोज खाने के बाद सभी बच्चे घर में आकर सो गए तथा स्थिति सामान्य थी।
रविवार को अहले सुबह करीब तीन बजे सत्तो तांती के परिवार के छह बच्चे बच्चों की स्थिति बिगड़ने लगी। इसके बाद किसी ने तेघड़ा अनुमंडलीय अस्पताल में एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस जब तक मौके पर पहुंचती तब तक सत्तो तांती की पुत्री गायत्री की मौत हो गई। शेष बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां इलाज के दौरान रविवार की सुबह राधा की मौत हो गई तथा शेष चार बच्चों का इलाज चल रहा था। बीते रात इलाजरत बच्चों में से सत्तो तांती की पुत्री नैना कुमारी एवं सत्तो की नतिनी महना निवासी बिरजू तांती की पुत्री आरुषि की स्थिति काफी बिगड़ गई। इसके बाद दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष दो बच्चों का इलाज तेघड़ा में ही चल रहा है।
इस घटना से गांव में हलचल मचा हुआ है, परिजन इस घटना को फूड प्वाइजनिंग बता रहे हैं। उनका कहना है कि भोज में भात खाने के बाद सभी बच्चों की तबीयत बिगड़ी। लेकिन ग्रामीण फूड प्वाइजनिंग की बात से साफ इनकार कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भोज बड़ी संख्या में लोगों ने खाया था। लेकिन सिर्फ सत्तो तांती के बच्चों की ही तबीयत क्यों बिगड़ी, यह जांच का विषय है।