मुख्यमंत्री शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में होंगे शामिल

रायपुर, 5 अक्टूबर । मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय परिसर रायपुर में आज (गुरुवार) आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे यहां पद्मश्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. महादेव प्रसाद पाण्डेय और समाजसेवी स्वर्गीय नारायण प्रसाद अवस्थी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 5 अक्टूबर को सुबह 11.50 बजे मुख्यमंत्री निवास से प्रस्थान कर पूर्वान्ह 12 बजे शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय परिसर पहुंचकर वहां आयोजित प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होंगे।

उल्लेखनीय है कि डॉक्टर महादेव प्रसाद पाण्डेय 1939 के भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के त्रिपुरी अधिवेशन में भी अपने पिता के साथ गए थे। उन्होंने व्यक्तिगत सत्याग्रह में भी भाग लिया था। भारत छोड़ो आंदोलन में भी वे भी शामिल हुए थे। महादेव प्रसाद पाण्डेय भी गिरफ्तार हुए, उन्हें 6 महीने की सजा हुई।रायपुर जेल में वे सबसे छोटी उम्र के कैदी थे।बाद में उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से आयुर्वेद की डिग्री प्राप्त की। उन्हें 2007 में शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में पद्मश्री से विभूषित किया गया। 27 मार्च 2021 को उनका देहावसान हुआ।

जबकि समाज सेवी नारायण प्रसाद अवस्थी का जन्म 31 मार्च 1889 को हुआ था।वे मालगुजार थे। सादगी से भरे नारायण प्रसाद अवस्थी ने अपनी मेहनत और कार्य से प्रसिद्धि प्राप्त की। वे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में रुचि रखते थ।गरियाबंद, देवभोग, राजिम, फिंगेश्वर, रायपुर सहित 100 गांवों में वे भजन-कीर्तन करते थे।बारह मई 1959 को उनका देहावसान हो गया।