आसमान में बादल छाये रहने से किसान चिंतित, धान खरीद केन्द्रों में खुले में रखा लाखों क्विंटल धान

धमतरी, 28 नवंबर । आसमान में बादल छाये रहने से अंचल के किसान चिंतित हो गए हैं। कई किसानाें की फसल पूरी तरह से कट नहीं पाई है। वहीं धान खरीद केन्द्रों में खुले आसमान के नीचे लाखों क्विंटल धान रखा हुआ है। बेमौसम बारिश होने की आशंका ने धान खरीद केन्द्रों में अधिकारी-कर्मचारी व समिति सदस्यों की चिंता बढ़ा दी।

बीते दो दिनों से सुबह से शाम तक बादल वाला मौसम देखने को मिल रहा है। जिले में एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर पर धान खरीद हो रही है। समर्थन मूल्य पर खरीदकर केन्द्रों में रखे लाखों क्विंटल धान को सुरक्षित रखने तिरपाल व पालीथिन से ढंककर रखा गया है, ताकि धान न भीगे। वहीं खेतों में खड़ी धान फसल की कटाई-मिंजाई किसानों ने मौसम को देखते हुए तेजी से कराई। अलसुबह से वातावरण बादल से ढका हुआ है। ठंडी हवा चल रही है। कई जगह वातावरण में कोहरा छा रहा है। ऐसे में बेमौसम बारिश की आशंका बढ़ गई।

ग्राम पंचायत लोहरसी, शंकरदाह, देमार, अछोटा, सोरम व भटगांव खरीद केन्द्र में खरीदे गए धान तिरपाल व पालीथिन से ढक रहे हैं। खराब मौसम को देखते हुए जिलेभर के धान खरीद केन्द्रों में समर्थन मूल्य पर खरीदकर शेड पर रखे लाखों क्विंटल धान को सुरक्षित रखने तिरपाल व पालीथिन से समिति सदस्यों और अधिकारी-कर्मचारियों ने ढककर सुरक्षित रख रहे हैं, ताकि बारिश होने पर धान न भीगे और समितियों को बेमौसम बारिश से नुकसान उठाना न पड़े। जानकारी के अनुसार 30 प्रतिशत किसानों के खेतों में अभी भी धान फसल की कटाई-मिंजाई नहीं हुई है। अधिक बारिश होने पर धान पानी में डूबने से सड़ने की आशंका बढ़ जाएगी। जिले के सभी 100 खरीद केन्द्रों में नौ लाख 44 हजार 609 क्विंटल धान की खरीद की गई है। इसमें से तीन लाख 45358 क्विंटल धान का उठाव कर चुके हैं। ऐसे में शेष छह लाख क्विंटल धान केन्द्रों के शेड पर रखे गए है।

खराब मौसम को देखते हुए उप पंजीयक सहकारिता प्रदीप ठाकुर ने सभी प्रबंधकों को धान सुरक्षित करने निर्देश जारी कर दिया है। उपसंचालक कृषि धमतरी मोनेश कुमार साहू ने बताया कि खराब मौसम के चलते यदि बेमौसम बारिश होती है, तो खेतों में पककर तैयार खरीफ धान फसल के लिए यह नुकसानदायक हो सकता है। कटाई-मिंजाई प्रभावित हो जाएंगे। वहीं खरीद केन्द्रों में खरीद प्रभावित हो जाएगी।