श्रीगंगानगर - नगर परिषद में कांग्रेस की सभापति करूणा चांडक बागी होकर चुनाव मैदान में है, जिससे यह सीट त्रिकोणीय मुकाबले में है। कांग्रेस ने अंकुर मिगलानी और भाजपा ने जयदीप बिहाणी को टिकट दिया है। अभी यहां निर्दलीय राजकुमार गौड़ विधायक हैं। इनके जीत का मार्जिन 9180 रहा।
संगरिया - कांग्रेस से पूर्व विधायक डॉ. परमनवदीप एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुलाब सींवर बागी होकर मैदान में हैं। कांग्रेस प्रत्याशी अभिमन्यु पूनिया, भाजपा के गुरदीपसिंह शाहपीनी है। शाहपीनी ने पिछला चुनाव 6538 वोट मार्जिन से जीता था।
शिव - यहां से जिलाध्यक्ष फतेहखां और जोधपुर विश्वविद्यालय के छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष रविन्द्रसिंह निर्दलीय मैदान में हैं। भाजपा उम्मीदवार ने स्वरूपसिंह खारा और कांग्रेस ने अमीनखां को उम्मीदवार बनाया है। पिछला चुनाव अमीन खां 23554 वोट मार्जिन से जीता।
सिवाना - कांग्रेस के जोनल इंचार्ज सुनिल परिहार ने ताल ठोकी है। वे अभी रीको निदेशक भी हैं। कांग्रेस ने मानवेन्द्र सिंह और भाजपा ने हम्मीर सिंह भायल प्रत्याशी हैं। पिछले चुनाव में हम्मीर सिंह भायल के जीत का मार्जिन 957 रहा था।
भाजपा में ये बिगाड़ रहे समीकरण
शाहपुरा (भीलवाड़ा) - भाजपा विधायक कैलाश मेघवाल के निर्दलीय उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। मेघवाल ने पिछले चुनाव में 74542 वोट से जीत दर्ज की थी। भाजपा ने लालाराम बैरवा और कांग्रेस ने नरेन्द्र कुमार रेगर को टिकट दिया है।
चित्तौडगढ़ - भाजपा विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने बागी होकर ताल ठोक दी है। आक्या यहां से दो बार से जीत रहे थे। पिछले चुनाव में 23894 वोट से जीत मिली थी। इस बार पार्टी ने उनका टिकट काटकर नरपत सिंह राजवी को प्रत्याशी को बनाया है। यहां से कांग्रेस उम्मीदवार सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत हैं।
मावली - भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर कुलदीप सिंह चुंडावत ने आरएलपी से मैदान में हैं। पिछले चुनाव में भी पार्टी ने समझाइश की थी और चुंडावत बैठ गए थे। यहां भाजपा से कृष्ण गोपाल पालीवाल और पुष्कर लाल डांगी कांग्रेस उम्मीदवार हैं। अभी यह सीट भाजपा के पास हैं।
अनूपगढ़ - भाजपा से बागी शिमला बावरी ने नामांकन भरा है। यहां से भाजपा उम्मीदवार संतोष बावरी और कांग्रेस से शिमला नायक है। अभी संतोष बावरी विधायक हैं, जिन्होंने 21800 मार्जिन से जीत दर्ज की थी।
सिविल लाइन्स - भाजपा के प्रदेश ओबीसी मोर्चा के उपाध्यक्ष दिनेश सैनी बागी हो गए हैं। वे पिछली बार भी टिकट मांग रहे थे। भाजपा ने यहां गोपाल शर्मा और कांग्रेस ने मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास को टिकट दिया है। खाचरियावास ने पिछला चुनाव 18078 वोट के मार्जिन से जीता था।