झारखंड के छऊ कलाकार ब्रजेंद्र पटनायक को मिला संगीत नाटक अकादमी अवार्ड

झारखंड के छऊ कलाकार ब्रजेंद्र पटनायक को मिला संगीत नाटक अकादमी अवार्ड

नई दिल्ली/रांची, 23 फरवरी । नई दिल्ली में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सरायकेला के छऊ कलाकार ब्रजेंद्र कुमार पटनायक (65) को प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी अवार्ड से सम्मानित किया।

छऊ नृत्य कला के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए पटनायक को वर्ष 2019 का संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार दिया गया। इस दौरान संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी भी मौजूद थे।

ब्रजेंद्र कुमार पटनायक ने सरायकेला शैली छऊ नृत्य के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी अवार्ड के लिए अपने नाम की घोषणा होने पर ब्रजेंद्र कुमार पटनायक ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि छऊ नृत्य के लिए आजीवन समर्पित होकर कार्य करता रहूंगा। बच्चों को छऊ नृत्य सिखाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।

वहीं उक्त पुरस्कार से सम्मानित किये जाने पर पद्मश्री शशधर आचार्य, राजकीय छऊ नृत्य कला केंद्र के पूर्व निदेशक गुरु तपन कुमार पटनायक, आचार्य छऊ नृत्य विचीत्रा के रंजीत कुमार आचार्य, सरायकेला नगर पंचायत के उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी आदि ने ब्रजेंद्र पटनायक को बधाई दी है।

ब्रजेंद्र पटनायक का संगीत सफर

22 सितंबर 1958 को जन्मे ब्रजेंद्र कुमार पटनायक ने छऊ नृत्य की शिक्षा बाल्यावस्था में ही लेना शुरू कर दिया था। ब्रजेंद्र पटनायक कई राष्ट्रीय व अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर भी छऊ नृत्य पेश कर चुके हैं। 1984 में पहली बार विदेशी धरती डेनमार्क में प्रदर्शन किया। इसके बाद फ्रांस, दक्षिण कोरिया, मलयेशिया, रूस समेत 13 देशों में छऊ नृत्य को प्रदर्शित किया। उनके नृत्य राधा-कृष्ण, चंद्रभागा, आरती, हंस, मयूर, सागर, रात्रि, नाविक आदि को दर्शक काफी पसंद करते हैं।