31 मार्च तक योजना और स्थापना मद की बची राशि करें सरेंडर : प्रधान सचिव

रांची, 29 मार्च । वित्त विभाग के प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह ने सारे विभागों से 31 मार्च तक योजना और स्थापना मद की बची हुई राशि के सरेंडर करने का आग्रह किया है।

उन्होंने सारे विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और विभागाध्यक्षों को इस संबंध में पत्र लिखा है। इसमें कहा है कि वर्ष 2022-23 के बजट में उपबंधित राशि में से जितनी राशि का व्यय 31 मार्च तक संभव नहीं है, उसे ऑनलाइन सरेंडर कर दें। राशि सरेंडर के कारणों का स्पष्ट उल्लेख करने को भी कहा है। उन्होंने लिखा है कि 31 मार्च जो राशि सरेंडर नहीं की जायेगी, उसे लैप्स माना जायेगा। सरेंडर के लिए संचिका में वित्त विभाग की सहमति आवश्यक नहीं है।