कांग्रेस की सरकार बनी, तो सौ रूपए में मिलेगा गैस सिलेंडर: पी.सी. शर्मा

कांग्रेस की सरकार बनी, तो सौ रूपए में मिलेगा गैस सिलेंडर: पी.सी. शर्मा

भोपाल, 25 मई । सत्ता में वापसी के लिए इन दिनों कांग्रेस हर रोज नए वादे कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ नारी सम्मान योजना के जरिए महिलाओं को 1500 रूपए प्रतिमाह देने और 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने की घोषणा कर चुके हैं। उनकी इस घोषणा से चार कदम आगे बढ़कर मप्र सरकार के पूर्व मंत्री और विधायक पीसी शर्मा ने कांग्रेस की सरकार बनने पर 100 रूपए में गैस सिलेंडर देने का ऐलान किया है।

भोपाल में अपने आवास पर गुरुवार को मीडिया से चर्चा में पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा ने कहा कि मंहगाई, बेरोजगारी, भृष्टाचार मुद्दे हैं। कांग्रेस की सरकार बनेगी तो 100 रुपए में गैस सिलेंडर मिलेगा। 1500 रुपए हर महीना 18 साल से लेकर 60 साल तक की महिलाओं को मिलेंगे। घर में तीन महिलाएं हैं तो उन्हें भी मिलेंगे। जो नौकरी कर रहा है, व्यवसाय कर रहा है उनको भी मिलेगा। सौ यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी। दो सौ यूनिट बिजली बिल हाफ देना पडे़गा। ये मंहगाई से लड़ने का एक तरीका है।

उन्होंने कहा कि मप्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर ओल्ड पेंशन स्कीम जारी की जाएगी। स्लम एरिया के लोगों की रजिस्ट्री कराई जाएगी। उनको मकान बनाने के लिए पैसे दिए जाएंगे। बीजेपी की सरकार मंहगाई बढ़ाती जा रही है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के रेट सातवें आसमान छू रहे हैं। 2014 का जब चुनाव हुआ था तब इन्होंने कहा था कि रसोई गैस दो-तीन सौ रुपए में मिलेगी और पेट्रोल डीजल 40-50 रुपए में मिलेगा। ये सब बढ़ रहे हैं। मप्र में एक करोड़ लोग बेरोजगार हैं।