इंदौर, 27 जुलाई । करणी सेना द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्याणसिंह कालवी की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने भाजपा सांसद और रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण सिंह गुरुवार को इंदौर पहुंचे। उनके पहुंचते ही बजरंग पूनिया मुर्दाबाद के नारे लगने लगे, जिन्हें स्वयं सांसद ने बंद कराया।
भाजपा सांसद और रेसलिंग फेडेरशन ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष ब्रजभूषण शरणसिंह गुरुवार दोपहर इंदौर आए। पहली बार इंदौर आए ब्रजभूषण शरण सिंह का इंदौर एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत किया गया। इसे उपरांत ब्रजभूषण शरण सिंह देवी अहिल्या विश्व विद्यालय के तक्षशिला ऑडिटोरियम पहुंचे, जहां करणी सेना द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्याणसिंह कालवी की 31वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था। उनके कार्यक्रम में पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने बजरंग पुनिया मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। ब्रजभूषण शरण सिंह ने मंच से ही इस तरह की नारेबाजी न करने का आग्रह किया, जिसके बाद बृजभूषण शरणसिंह जिंदाबाद के नारे लगने लगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार करनी सेना के प्रोग्राम के बाद ब्रजभूषण शरण सिंह भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री शुभेंद्र सिंह गौड़ के सेक्टर-डी सुदामा नगर स्थित घर पर कार्यकर्ताओं से भेंट करके ओंकारेश्वर ज्योर्तिलिंग, खण्डवा और ममलेशवर ज्योतिर्लिंग जाएंगे। वे शाम को इंदौर लौटेंगे और सयाजी होटल में रात्रि विश्राम करेंगे।