झाबुआ, 6 नवंबर । पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा सदस्य दिग्विजयसिंह सोमवार को जिले के चुनावी दौरे पर आए। उन्होंने तीनों विधानसभाओं के अंतर्गत आने वाले तीन ग्रामों में कांग्रेस द्वारा आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील की, साथ ही भाजपा की नीतियों को जन विरोधी निरूपित करते हुए उन्होंने यह घोषणा भी कर डाली कि मामा तो गयो।
दिग्विजय सिंह ने झाबुआ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रानापुर जनपद के कुंदनपुर, थांदला विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मेघनगर जनपद क्षेत्र के सजेली फाटक एवं पेटलावद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सारंगी में स्थानीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित चुनावी सभाओं को सम्बोधित किया। आयोजित सभाओं में उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने एक संदेश दिया है कि वह भाजपा के कुशासन से ग्रस्त हैं और कहा जाने लगा है कि मामा तो गयो। यही संदेश जन जन तक पहुंचना चाहिए। हमें जनता पर विश्वास है, जनबल पर विश्वास है। चुनाव में अब धनबल नहीं जीतेगा, बल्कि जनबल जीतेगा।
सिंह ने कहा कि भाजपा के शासनकाल में महंगाई चरम पर है, बेरोजगारी ओर अत्याचार बढ़े हैं, ओर सब तरफ लूट मची हुई है। उन्होंने कहा कि यह सरकार एक हाथ से दे रही है, ओर दूसरे से ले रही है। कांग्रेस की सरकार आने पर गैस सिलेंडर सहित अन्य रोजमर्रा की चीजें सस्ते दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी, वहीं आप किसानों को बिजली बिल सहित अन्य चीजों में भारी राहत दी जाएगी, ओर धान सहित अन्य फसलों का खरीद मूल्य बढ़ाया जाएगा। सिंह ने सभा में उपस्थित लोगों को विश्वास दिलाया कि हमारे नेता कमलनाथ ने महिला सम्मान योजना सहित जो वादे किए, वह सब पूरे किए जाएंगे। हमारी 15 माह की सरकार में 27 लाख किसानों का कर्जा माफ किया। हमारी सरकार बनते ही सबसे पहले इस योजना को लागू कर शेष रह गए किसानों का 2 लाख रुपए तक का ऋण माफ होगा। गेहूं की खरीदी 2600 रुपए प्रति क्विंटल से की जाएगी। गोबर 2 रुपए प्रति किलो खरीदा जाएगा।
दिग्विजयसिंह ने कहा कि पिछले चुनावों में बीजेपी को लाडली बहना कि याद नहीं आई, परंतु 2023 के चुनाव में स्थिति डगमगाई तो चुनाव के चार माह पहले लाडली बहना योजना लाई गई। शिवराज रोज झूठे वादे कर रहे है, पर जनता सब समझ चुकी है। चुनाव आए तो अब सब फ्री की योजनाएं उन्हें याद आ रही है। अगर भाजपा के इन ठगो से बचना है तो परिवर्तन लाना होगा, सिंह ने कहा, इसके लिए कांग्रेस को वोट दें। अभी परिवर्तन की लहर है और परिवर्तन होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की नीतियों को जन विरोधी बताते हुए कहा कि भाजपा के राज में पिछले 18 साल में आदिवासियों के ऊपर जुर्म बड़े है। भाजपा लूटती है, ओर कांग्रेस पालती है।
दिग्विजयसिंह के साथ दिल्ली से आए कांग्रेस नेता संजयसिंह, आनंद राय, दाहोद की पूर्व सांसद प्रभा बेन सहित कांग्रेस पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे, जिन्होंने अपना संबोधन दिया।