नई दिल्ली, 29 मार्च । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में कहा कि अरविंद केजरीवाल सच्चे देशभक्त हैं। आज से केजरीवाल को आशीर्वाद अभियान की शुरूआत की जा रही है। सुनीता केजरीवाल ने एक वॉट्सएप नंबर 8297324624 भी जारी किया है। उन्होंने कहा कि इस नंबर पर आप अपने अरविंद केजरीवाल को दुआएं, शुभकामनाएं और आशीर्वाद भेज सकते हैं।
उन्होंने कहा, कल कोर्ट में अरविंद केजरीवाल ने अपना पक्ष रखा। आप सबने सुना तो होगा, अगर नहीं सुना तो एक बार जरूर सुने। जो कुछ कोर्ट के सामने उन्होंने बोला, उसके लिए बहुत हिम्मत चाहिए, सच्चे देशभक्त हैं वो, बिल्कुल ऐसे ही हमारे स्वतंत्रता सेनानी अंग्रेजों की तानाशाही से लड़ते थे। पिछले 30 साल से मैं उनके साथ हूं, देशभक्ति उनके रोम रोम में बसा है। उन्होंने आगे कहा कि अरविंद ने देश की सबसे ताकतवर भ्रष्टाचारी और तानाशाही ताकतों को ललकारा है। आपने अरविंद को अपना भाई, अपना बेटा कहा है। क्या इस लड़ाई में आप अपने भाई, अपने बेटे का साथ नहीं देंगे।
सुनीता केजरीवाल ने आगे कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि हम सब साथ मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे। सुनीता केजरीवाल ने एक व्हाट्सएप नंबर 8297324624 जारी करते हुए कहा कि आज से हम एक अभियान शुरू कर रहे हैं। इसका नाम है केजरीवाल को आशीर्वाद। इस नंबर पर अरविंद केजरीवाल को आशीर्वाद भेज सकते हैं, शुभकामनाएं भेज सकते हैं, दुआएं भेज सकते हैं, प्रार्थना भेज सकते हैं। कोई और भी संदेश देना चाहें तो वह भी दे सकते हैं। सुनीता केजरीवाल ने कहा कि कई माताओं ने तो अपने अरविंद के लिए मन्नत मांगी है। सुनीता केजरीवाल ने अंत में कहा कि हर परिवार का, हर सदस्य का संदेश वह अरविंद केजरीवाल तक पहुंचाएंगी। लोगों का मैसेज पढ़ कर उन्हें बहुत अच्छा लगेगा।