सिक्किम में बर्फबारी के कारण फंसे 400 पर्यटकों को सुरक्षित गंगटोक लाया गया

सिक्किम में बर्फबारी के कारण फंसे 400 पर्यटकों को सुरक्षित गंगटोक लाया गया

गंगटोक, 12 मार्च । भारी बर्फबारी के कारण छांगु झील परिसर में फंसे करीब 400 पर्यटकों को सुरक्षित गंगटोक लाया गया है। शनिवार को गंगटोक से करीब 100 वाहनों में 400 पर्यटक छांगु झील घूमने गए थे, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण वे गंगटोक नहीं पहुंच सके।

बर्फबारी में फंसे सभी पर्यटकों को सेना की त्रिशक्ति कोर ने पुलिस और नागरिक प्रशासन की सहयोग में सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। ज्वाइंट ऑपरेशन हिमराहत के जरिए सभी को सुरक्षित आर्मी कैंप ले जाया गया। रात करीब 11 बजे तक लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

सैन्य शिविर में ले जाने के बाद सभी पर्यटकों को सेना ने गर्म कपड़े, दवाइयां और भोजन उपलब्ध कराया। हिमपात के कारण फंसे पर्यटकों में 178 पुरुष, 142 महिलाएं, 50 बच्चे तथा अन्य शामिल थे। आज सुबह 9 बजे तक सड़क साफ होने के बाद सभी पर्यटकों को सुरक्षित गंगटोक लाया गया है। पर्यटकों ने सेना के कार्य व व्यवहार की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।