जम्मू, 25 जनवरी । अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक कश्मीर विजय कुमार (आईपीएस) को 26 जनवरी को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।
विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति का पुलिस पदक पुलिस और सीएपीएफ के लिए सर्वाेच्च सेवा पदक है। यह राज्य/केंद्रीय पुलिस या सुरक्षा संगठनों में कम से कम 25 वर्षों तक सेवा करने वाले व्यक्तियों को लंबी और विशिष्ट सेवा के लिए प्रदान किया जाता है।
1997 बैच के आईपीएस अधिकारी विजय कुमार ने कश्मीर में विभिन्न पदों पर कार्य किया है। उन्होंने डीआईजीपी नई दिल्ली रेंज, आईजीपी छत्तीसगढ़ के रूप में केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीआरपीएफ में भी काम किया है।
हाल ही में भारत के चुनाव आयोग ने उन्हें 2018 में नौ राज्यों के विधानसभा चुनाव कराने के लिए सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में सीएपीएफ के मुख्य बल समन्वयक के रूप में उनकी भूमिका के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया था। इसके अलावा विजय कुमार ने कई वीरता पदक, मेधावी सेवा पदक, राष्ट्रीय पुरस्कार आदि भी प्राप्त किए हैं।