रामगढ़, 16 फरवरी। जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र में आजसू नेता मनोज मुंडा की बुधवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसकी पुष्टि गुरुवार को पतरातु एसडीपीओ वीरेंद्र चौधरी ने की है। आशंका जताई जा रही है कि उनकी हत्या राजनीतिक रंजिश के चलते हुई है।
एसडीपीओ ने बताया कि बुधवार की देर रात लोवाडिह गांव में गोली चलने की आवाज ग्रामीणों ने सुनी। थोड़ी देर बाद पता चला कि कुछ अपराधियों ने मनोज मुंडा को गोली मार दी है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताते हुए रिम्स रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान रिम्स में ही मनोज की मौत हो गई। पुलिस वारदात की जांच-पड़ताल कर रही है।