अपनी संस्कृति व परंपराओं को बचाए रखें अरुणाचलवासी: राष्ट्रपति

अपनी संस्कृति व परंपराओं को बचाए रखें अरुणाचलवासी: राष्ट्रपति

अरुणाचल प्रदेश के 37वें राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल हुईं राष्ट्रपति

केन्द्र ने अरुणाचल में कनेक्टिविटी सहित कई परियोजनाओं के लिए दिए 44 हजार करोड़

नई दिल्ली, 20 फरवरी । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार के प्रयास से अरुणाचल प्रदेश में विकास कार्य बहुत तेजी से हो रहे हैं। केंद्र सरकार ने 44 हजार करोड़ रुपये अरुणाचल प्रदेश के लिए मंजूरी किए हैं, इससे राज्य में खासकर कनेक्टिविटी, सड़क परियोजना, हवाई अड्डे आदि के विकास कार्यों में तेजी आएगी। राष्ट्रपति मुर्मू ने अरुणाचलवासियों से अपनी संस्कृति और परंपराओं को बचाए रखने का भी आग्रह किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को राजधानी इटानगर के इंदिरा गांधी पार्क में आयोजित अरुणाचल प्रदेश के 37वें राज्य स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर अरुणाचल प्रदेश के लोगों को बधाई देते हुए उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के प्राकृतिक सुंदरता, लोगों की वेशभूषा व संस्कृति की तारीफ की। उन्होंने लोगों से अपनी संस्कृति व परंपराओं को बचाए रखने का भी अनुरोध किया। उन्होंने असम के महान गायक डॉक्टर भूपेन हाजारिका के अरुणाचल प्रदेश पर गाए गए गीत की प्रशंसा की। उन्होंने आजादी में योगदान करने वाले अरुणाचल प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानियों काे नमन किया।

राष्ट्रपति ने कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के प्रयास से अरुणाचल प्रदेश में विकास तेजी से हो रहा है। अरुणाचल प्रदेश के लिए केंद्र सरकार ने 44 हजार करोड़ मंजूर किए हैं, इससे राज्य में कनेक्टिविटी, सड़क परियोजना, हवाई अड्डे आदि के विकास कार्यों में तेजी आएगी। राजधानी इटानगर के पास बनी डॉनी पोलो हवाई अड्डे की शुरुआत होने पर राज्य की कनेक्टिविटी को और मजबूत मिल गई। इस हवाई अड्डे से पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी और राज्य के व्यापारियों का कारोबार भी बढ़ेगा।

उन्होंने अरुणाचल प्रदेश सरकार के राज्य में पर्यावरण और जीव जंतु को बचाने के लिए उठाए गए कदमों की प्रशंसा की। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश में पंचायतीराज व्यवस्था में भागेदारी बढ़ाने पर महिलाओं की तारीफ की। उन्होंने महिला पर्वतरोही अंशु जनसेपा और व्यापारी तागे रीता का भी नाम लिया।

उन्होंने कहा कि जी-20 समूह की कई बैठकें पूर्वोत्तर के राज्यों में भी आयोजित की जा रही हैं। जी-20 की एक बैठक अगले महीने ईटानगर में होने वाली है। मुझे विश्वास है कि इन बैठकों से पूर्वोत्तर के राज्यों की संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यहाँ पर निवेश की संभावनाएं उत्पन्न होंगी।

इस मौके पर राष्ट्रपति मुर्म ने डोनी पोलो हवाई अड्डे से नहारलागुन रेलवे स्टेशन तक की डबल लाइन सड़क और अरुणाचल प्रदेश डायरेक्टरेट कंपलेक्स परियोजना का शिलान्यास भी किया। उन्होंने आवोटानी पर बनी एक एनिमेशन फिल्म का लोकार्पण भी किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सहयोग से राज्य में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। किरण ने कहा कि अमृतकाल में हमें एक ऐसा मौका दिया कि हम आजादी के लिए लड़ने वाले देश और राज्यों के हीरों को खोज और उन्हें याद करें। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी स्वतंत्रता सेनानी, शहीदों और योद्धा पर एक किताब भी तैयार की जा रही है। उन्होंने राज्य की खांडू सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि कुछ सरकारी अधिकारियों की गलती से राज्य सरकार और प्रदेश का नाम बदनाम हो रही है। ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

समारोह में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि प्रधानमंनरेन्द्र मोदी के प्रयास से राज्य में विकास कार्यों में तेजी आ है। पिछले कुछ सालों से राज्य में शिक्षा के बदलाव पर भी काम चल रहा है। समारोह को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक और उपमुख्यमंत्री चौना मीन ने भी संबोधित किया। राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र काे भी संबोधित करेंगी।