नई दिल्ली, 09 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली में महिला सुरक्षा की राजनीति कर रही है और दूसरी ओर पंजाब में महिलाओं पर हमला करने वाले बलबीर सिंह को मंत्री बना रही है।
भाजपा नेता मंजिंदर सिंह सिरसा ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में यह आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी महिलाओं की सुरक्षा पर राजनीति करती है तो वहीं पंजाब में महिलाओं पर हमला करने वाले बलबीर सिंह को मंत्री बना रही है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की बात कर सत्ता में आई थी। उन्होंने वादा किया था कि महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करेंगे और भ्रष्ट लोगों को बाहर निकालेंगे। लेकिन आज वही आप पार्टी देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी बन गई है।
बलबीर सिंह को 3 साल की सजा हो चुकी है। वसूली मामले में ऑडियो टेप लीक होने के बाद भी फौजा सिंह को 4 महीनों तक मंत्री पद से नहीं हटाया गया। इससे साफ हो रहा है कि अरविंद केजरीवाल पैसे का पीर है और भ्रष्ट लोगों को मंत्री बनाता है।