कोलकाता, 19 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में इसी साल होने वाले पंचायत चुनाव और उसके बाद के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आज से ही बड़े स्तर पर चुनाव प्रचार अभियान का आगाज कर रही है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एक दिन पहले ही कोलकाता पहुंच गए। आज गुरुवार को उनकी जनसभा होनी है।
प्रदेश भाजपा की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि आज से नड्डा की उपस्थिति में पार्टी पंचायत चुनाव और उसके बाद लोकसभा चुनाव के लिए आधिकारिक प्रचार अभियान का आगाज कर रही है। नड्डा बुधवार रात 10:30 बजे के करीब बंगाल पहुंच गए। सुबह 10:45 बजे नदिया जिले के मायापुर स्थित राधाकृष्ण इस्कॉन मंदिर में पूजा-पाठ करेंगे। उसके बाद दोपहर 12:30 बथुआडेहरी मैदान में उनकी बड़ी जनसभा होनी है। वे एक ही जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह शाम 5:15 बजे दमदम हवाई अड्डे से वाराणसी के लिए रवाना हो जाएंगे। उनका यह एक दिवसीय कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण है।
भाजपा सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की है कि कोलकाता आगमन के दौरान उन्होंने रात के समय ही कई वरिष्ठ अधिकारियों और भाजपा के प्रेरणास्रोत रहे एक महत्वपूर्ण व्यक्ति से मुलाकात की है। उन्हीं के निर्देशानुसार उनका दौरा एक दिन पहले प्रस्तावित किया गया था।
राज्य में फिलहाल शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार को लेकर चौतरफा घिरी ममता सरकार को घेरने के लिए भाजपा कोई भी कोर कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहती। दूसरी ओर राज्य सरकार लोगों को अपने पक्ष में रखने के लिए दीदी का सुरक्षा कवच अभियान के तहत जनसंपर्क में जुटी हुई है। सत्तारूढ़ पार्टी के नेता मंत्री विधायक सांसद विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों से संपर्क कर उनकी शिकायतें सुन रहे हैं। हालांकि उन्हें विरोध भी झेलना पड़ रहा है। बावजूद इसके इसका अच्छा असर होगा, ऐसी उम्मीद तृणमूल कांग्रेस को है।
इधर 2021 के विधानसभा चुनाव में शिकस्त के बाद भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर संगठन तौर पर मजबूत होकर मुकाबले के लिए खड़ा होने में जुटी हुई है। इस बीच जेपी नड्डा की ओर से चुनाव प्रचार अभियान का आगाज कितना प्रभावी होगा यह देखने वाली बात होगी।