मध्य प्रदेश में हुई नाबालिग से हैवानियत मामले में कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

मध्य प्रदेश में हुई नाबालिग से हैवानियत मामले में कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

नई दिल्ली, 27 सितंबर। मध्य प्रदेश में 12 वर्षीय नाबालिग के साथ हुई हैवानियत की घटना पर कांग्रेस ने केन्द्र और राज्य सरकार के कामकाज पर सवाल खड़े किए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित मध्य प्रदेश से एक 12 वर्षीय नाबालिग से हैवानियत की बेहद पीड़ादायक घटना सामने आई है। महिलाओं के साथ दुष्कर्म के सर्वाधिक मामले, भाजपा शासित मध्य प्रदेश में हैं। यहां हर दिन औसतन बलात्कार की आठ घटनाएं होती हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी मामले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में 12 साल की एक बच्ची के साथ हुआ भयावह अपराध भारत माता के हृदय पर आघात है। महिलाओं के खिलाफ अपराध और नाबालिग बच्चियों के खिलाफ हुए दुष्कर्म की घटनाएं सबसे अधिक मध्य प्रदेश में हैं। राहुल ने कहा कि इसके गुनहगार वो अपराधी तो हैं ही, जिन्होंने ये गुनाह किए, साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार भी है, जो बेटियों की रक्षा करने में अक्षम है। राहुल ने कहा कि वहां न न्याय है, न कानून व्यवस्था है और न ही अधिकार है।

उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के उज्जैन में 12 साल की एक लड़की से बलात्कार का मामला सामने आया है। इसको लेकर कांग्रेस ने राज्य और केन्द्र सरकार पर सवाल उठाए हैं।