माघ पूर्णिमा स्नान पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

माघ पूर्णिमा स्नान पर श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी

हरिद्वार, 05 फ़रवरी । देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने माघ पूर्णिमा पर गंगा में डुबकी लगा पुण्य अर्जित किया। गंगा स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने देव दर्शन कर दान-पुण्य आदि कर्म किए। माघ मास में तिल के दान का विशेष महत्व बताया गया है। इस कारण लोगों ने तिल से बने पदार्थों का भी दान किया।

रविवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर देश के कई राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी ब्रह्मकुण्ड समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। गंगा स्नान का सिलसिला तड़के से आरम्भ हो गया था, जो दिन भर अनवरत जारी है। गंगा स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

गंगा स्नान के पश्चात श्रद्धालुओं ने देवदर्शन किए, जिस कारण से देवालयों में भी भारी भीड़ रही। इसके साथ ही लोगों ने दान आदि कर्म किए। माघ मास में तिल दान का विशेष महत्व बताया गया है। माघ पूर्णिमा पर तीर्थनगरी के आश्रम-अखाड़ों में भी कई प्रकार के धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। ताकि कोई भी अव्यवस्था होने पर समय रहते काबू पाया जा सके। समाचार लिखे जाने तक स्नान का क्रम जारी था।