नई दिल्ली, 20 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं गुजरात के पूर्व राज्यपाल ओमप्रकाश कोहली का आज 87 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनकी पौत्री कर्णिका कोहली ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने सोमवार को कहा कि दादाजी ओम प्रकाश कोहली का निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह 11:30 बजे नई दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा। अंतिम संस्कार के पूर्व उनके पार्थिव शरीर को मयूर विहार स्थित उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिये रखा जाएगा।
कोहली के निधन पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ओपी कोहली ने लंबे सार्वजनिक जीवन में अपनी कार्य-क्षमता और विद्वता के कारण काफी सम्मान अर्जित किया। वे गुजरात के राज्यपाल रहे। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने में भी उनकी प्रभावी भूमिका रही।
दिल्ली के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि भारतीय राजनीति के एक युग का अंत हो गया। उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे दिल्ली में भाजपा के सारथी थे। यह देश उन्हें एक सच्चे राष्ट्रवादी व दूरदर्शी जननेता के रूप में सदैव याद रखेगा।