उदयपुर, 21 फरवरी । वरिष्ठ भाजपा नेता राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष रहे और उदयपुर शहर विधायक गुलाबचंद कटारिया असम के राज्यपाल मनोनीत होने के बाद मंगलवार को उदयपुर से असम सरकार के विशेष विमान द्वारा गुवाहाटी के लिए रवाना हुए। वे बुधवार को वहां राज्यपाल के पद की शपथ लेंगे। कटारिया के असम पहुंचने पर उनका वहां के प्रमुख पदाधिकारियों ने पारम्परिक उपरणा ओढ़ाकर व पुष्प गुच्छ प्रदान कर स्वागत किया।
कटारिया को विदा करने उदयपुर से कई समाजसेवी, भाजपा पदाधिकारी महाराणा प्रताप हवाईअड्डे तक गए और उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया। बताया गया कि यहां से विशेष विमान में कटारिया के साथ उनकी पत्नी अनिता कटारिया, छह पुत्रियां व दो दामाद भी साथ गए हैं।
इधर, पार्टी सूत्रों के अनुसार कटारिया के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां सहित कुछ प्रदेश पदाधिकारियों के साथ उदयपुर भाजपा शहर जिलाध्यक्ष रवीन्द्र श्रीमाली, उपमहापौर पारस सिंघवी, पार्षदों सहित भाजपा व विभिन्न सामाजिक संगठनों के करीब 200 लोग पहुंचेंगे। सभी लोग अलग-अलग विमान सेवाओं से गुवाहाटी पहुंचेंगे। यहां से सभी को टिकट नहीं मिल पाने पर कई ने दिल्ली, तो कई ने जोधपुर, मुम्बई, जयपुर, इंदौर आदि स्थानों से विमानों में सीट बुक करवाई है।