मप्र विस चुनाव: कमलनाथ ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए दागे गंभीर सवाल

मप्र विस चुनाव: कमलनाथ ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए दागे गंभीर सवाल

भोपाल, 20 अक्टूबर। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का समय जैसे जैसे नजदीक आता जा रहा है, वैसे वैसे राजनेता एक दूसरे पर ज्यादा हमलावर होते जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने एक बार फिर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरते हुए गंभीर सवाल दागे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज से सवाल पूछते हुए निशाना साधा है और गंभीर आरोप लगाए हैं।

कमलनाथ ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर सवाल पूछते हुए कहा कि शिवराज जी, मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आपने मध्य प्रदेश को बेरोजगारों का प्रदेश क्यों बना दिया? प्रदेश के नौजवानों से आपकी क्या दुश्मनी है? आज प्रदेश में करीब 40 लाख रजिस्टर्ड बेरोजगार हैं। उन्होंने कहा कि जिन नौजवानों के वर्तमान और भविष्य को अपने खराब किया है, वह अब आपका राजनीतिक भविष्य बिगाड़ने के लिए तैयार हैं। मैं मध्य प्रदेश के नौजवानों को बताना चाहता हूं कि एक महीने बाद कांग्रेस की जो सरकार बनेगी, वह सरकार नौजवानों के लिए 10 बड़े काम करेगी।

कमलनाथ ने वादे गिनवाते हुए कहा कि सरकारी भर्ती का कानून बनाएंगे। दो लाख सरकारी पद भरेंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में नए पद निर्मित कर भरेंगे। प्रदेश के युवाओं को ही सरकारी नौकरी में प्राथमिकता मिले, इस हेतु आगे बढ़ेंगे। प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100 प्रतिशत छूट देंगे। पिछले 18 वर्षों से लंबित भर्तियां - शिक्षकों, पुलिस, पटवारी, फॉरेस्ट गार्ड, नर्स आदि की भरी जाएंगी। युवा स्वाभिमान के अंतर्गत जरूरतमंद शिक्षित बेरोजगार युवाओं को 1500 से 3000/- रुपये तक प्रतिमाह आर्थिक सहायता देंगे। भोपाल में प्रोफेशनल हब बनाएंगे। मध्यप्रदेश में डिजिटल यूनिवर्सिटी शुरू करेंगे। उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करेंगे।