बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के निधन पर मप्र के मुख्यमंत्री ने जताया शोक

भोपाल, 13 मई । बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी का सोमवार को निधन हो गया। पिछले कुछ महीनों से वे कैंसर से पीड़ित थे। उनका दिल्ली एम्स में इलाज चल रहा था, जहां उन्होंने 72 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए कहा कि बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी जी के निधन की खबर अत्यंत दुखद है। छात्र राजनीति से सक्रिय राजनीति तक उन्होंने लंबा सफर तय किया और सभी भूमिकाओं में उल्लेखनीय कार्य किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में मुझे भी उनके साथ काम करने का अवसर मिला। उनका जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति है।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक्स के माध्यम से कहा कि भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। सुशील मोदी जी का बिहार के विकास में योगदान अनुकरणीय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जाएगा। उनका निधन राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों व समर्थकों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।