भोपाल, 27 जनवरी । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं रहा। मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता है कि अब प्रदेश की करंट प्राइजेज पर मध्य प्रदेश की ग्रोथ रेट 19.76 प्रतिशत रही है। यह ग्रोथ रेट देश में सबसे ज्यादा है।
मुख्यमंत्री चौहान शुक्रवार को देश के प्रतिष्ठित मीडिया समूह के मध्य प्रदेश में शुरू किए गए डिजिटल चैनल की नई वेबसाइट के लांचिंग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने वेबसाइट लांच कर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चैनल की खबरों का मध्य प्रदेश में अपना विशिष्ट महत्व है। इसके इस नये स्वरूप का मैं हृदय से स्वागत करता हूं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में पर कैपिटा इनकम कभी 13 हजार रुपया हुआ करती थी, जो अब बढ़कर एक लाख 37 हजार रुपये है। मध्य प्रदेश में अधोसंरचना पर 48 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किया गया है। कभी गड्ढों वाले मध्य प्रदेश में आज 4 लाख किमी से अधिक की शानदार सड़कें हैं। कभी 2900 मेगावॉट की बिजली के स्थान पर आज 26 हजार मेगावॉट बिजली की उपलब्धता है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, मैं प्रतिदिन पौधरोपण करता हूं! प्रवासी भारतीय सम्मेलन में आये लोगों के साथ मैंने पौधरोपण किया और उनसे कहा कि आपको प्रेम के बंधन के साथ पेड़ के बंधन से भी बांध रहे हैं। पर्यावरण की सेवा में हम सबकी सहभागिता होनी ही चाहिए।