नई दिल्ली, 24 फरवरी । दिल्ली नगर निगम में शुक्रवार को स्थाई समिति के सदस्यों के चुनाव के दौरान जमकर लात घूसे चले। मामला महज एक वोट को अवैध करने से जुड़ा था जिसको लेकर आप और भाजपा दोनों एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते दिखे। भाजपा का कहना है कि एक वोट को अवैध कर आप स्थायी समिति में अपने चौथे पार्षद को सदस्य बनाना चाह रही थी। वहीं आप ने कहा कि भाजपा जबरन स्थायी समिति में अपने सदस्य लाना चाह रही है।
हाथापाई के दौरान आम आदमी पार्टी और भाजपा पार्षदों ने एक दूसरे के साथ धक्कामुक्की की और इस दौरान लात-घूंसे भी चले। इसके चलते कई पार्षद घायल हुए हैं। आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा पार्षदों ने मेयर पर हमला किया। हंगामे के बीच एक पार्षद का वीडियो सामने आए जिसकी हालत काफी खराब थी। वहीं महिला पार्षदों के बीच भी मारपीट हुई।
दिल्ली सिविक सेंटर में शुक्रवार को सदन का तीसरा दिन था। दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय के आदेश पर एमसीडी की स्थायी समिति के छह सदस्यों का चुनाव करने के लिए आज फिर से मतदान किया गया।
आम आदमी पार्टी की नेत्री आतिशि सिंह ने कहा कि भाजपा ने सिविक सेंटर में गुंडागर्दी दिखाई है। स्थायी समिति का चुनाव चल रहा था। मतगणना शुरू होने के बाद भाजपा को एहसास हुआ कि वे हार रहे हैं और उन्होंने हंगामा किया। दिल्ली की महिला महापौर पर हमला किया गया था और वे भी भाजपा के पुरुष सदस्य द्वारा हमला किया गया।
#NewDelhi : AAP, BJP councillors scuffle over invalid vote at Standing Committee polls pic.twitter.com/26AJt0emJ3
Fast Mail News (@fastmailnews) February 24, 2023
इसी बीच भाजपा ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि आतिशि के ही कहने पर कुछ महिला पार्षदों ने जानबूझकर भाजपा पार्षदों के साथ लड़ाई की।
आप के पार्षद अशोक कुमार मानू हाथापाई के दौरान कुछ मिनट के लिए दिल्ली सिविक सेंटर में बेहोश हो गए थे। वे अपनी पार्टी के अन्य पार्षदों के साथ मीडिया के सामने भी आए। उन्होंने कहा कि ये इतने बेशर्म हैं कि महिलाओं और मेयर तक पर हमला कर दिया। भाजपा के गुंडों ने ऐसा किया।
वहीं भाजपा के प्रवक्ता हरीष खुराना ने कहा कि चुनाव अधिकारी ने चुनाव की घोषणा कर दी थी और महापौर द्वारा अमान्य घोषित किए गए वोट वैध बताया था। उनके अनुसार आप और भाजपा के 3-3 उम्मीदवार जीते हैं लेकिन केजरीवाल के निर्देश पर आप यहां गुंडागर्दी करती है। हम इस गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं करेंगे और कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
भाजपा के विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि 6 सदस्यों को स्थायी समिति के लिए चुना जाना था। आप और भाजपा के तीन-तीन सदस्य चुने गए। आप का एक सदस्य हार गया। यह सब उन्हें जिताने के लिए किया गया और नतीजों से छेड़छाड़ की गई। हम सीबीआई जांच की मांग करते हैं, ऐसे लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और कार्रवाई की जानी चाहिए।