मजदूर विरोधी है मोदी सरकार :खड़गे

मजदूर विरोधी है मोदी सरकार :खड़गे

नई दिल्ली, 22 फरवरी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार मजदूर विरोधी है। इस सरकार को सिर्फ उद्योगपतियों की चिंता है।

खड़गे ने बुधवार को तालकटोरा स्टेडियम में इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इनटेक) के अधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के बाद मजदूरों के हित में एक भी काम नहीं हुए, बल्कि मजदूर विरोधी कानून जरूर बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने मजदूरों से विरोध करने का हक भी छीन लिया है।

खड़गे ने कहा कि हड़ताल करने वाले मजदूरों को एक साल की जेल और आर्थिक दंड का प्रावधान मोदी सरकार ने किया है। जबकि कांग्रेस हमेशा से ही मजदूरों के हितों के लिए सोचती रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए इनटेक की स्थापना 3 मई, 1947 को महात्मा गांधी और सरदार पटेल के आशीर्वाद से किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के एजेंडे में हमेशा से बड़े उद्योगपति रहे हैं। मजदूर हमेशा हाशिये पर रहा है।