खेल और खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा सांसद खेल महोत्सव : पीटी उषा

खेल और खिलाड़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा सांसद खेल महोत्सव : पीटी उषा

बेगूसराय, 12 मार्च। भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष उड़नपरी पीटी उषा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में खेल क्रांति कर रहे हैं। खेल और खिलाड़ियों की गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्होंने सांसद खेल उत्सव का आयोजन करने के लिए प्रेरित किया।

बेगूसराय में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रो. राकेश सिन्हा द्वारा बेगूसराय में खेल महोत्सव का आयोजन जन्मभूमि के लिए उनके समर्पण को दर्शाता और बेगूसराय का सच्चा सपूत साबित करता है। इस बेहतरीन कार्यक्रम में तीन हजार खिलाड़ियों और महिलाओं ने भाग लिया।

पीटी उषा ने कहा कि पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए नरेन्द्र मोदी से प्रेरित कबड्डी और कुश्ती को शामिल किया गया। बेगूसराय औद्योगिक नगरी होने के साथ-साथ साहित्य और खेल में भी अपनी पहचान रखता है। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्मभूमि बेगूसराय में खेलों में काफी संभावनाएं हैं।

यहां वॉलीबॉल में राष्ट्रीय स्तर की टीमें और खिलाड़ी हैं तो फुटबॉल, ताइक्वांडो, कुश्ती, खो-खो में भी उन्नत प्रतिभा है। हालांकि जिला में पर्याप्त खेल सुविधाओं का अभाव है। वनद्वार में राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता होती है, लेकिन उनके लिए कोई जमीन नहीं है। विश्वास है कि हमारे प्रयास से बेगूसराय को वह सभी खेल सुविधा मिलेगा, जिसके लिए वह खेलो इंडिया की पीएम योजना के हकदार हैं। उम्मीद है कि ऐसी ग्रामीण प्रतिभाओं के बल पर भारत ओलंपिक में अधिक प्रतिष्ठित जीत प्राप्त करेगा। बच्चे खेल खेलें जो उन्हें खुश और स्वस्थ्य बनाए रखेगा।

उन्होंने कहा कि बेगूसराय का यह खेल महोत्सव मील का पत्थर साबित होगा। महोत्सव ने बेगूसराय के खेल इतिहास ने एक बड़ा मंच प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना भारत का पहला होना है, देशवासी और हम सभी को इसके लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। उम्मीद है कि सभी सांसदों को राकेश सिन्हा की तरह समर्पित होना चाहिए। लोगों को ईमानदार होना चाहिए और आमलोगों से जुड़े रहना चाहिए। क्योंकि हम सबको भारत को विश्व गुरु बनाना है।

प्रो. राकेश सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों के साथ आज देश का जोर छोटे शहरों में स्थानीय स्तर पर खेल सुविधाओं के निर्माण का भी है। खेलो इंडिया मूवमेंट के तहत दूसरी खेल सुविधाओं के साथ-साथ खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। देश हॉलिस्टिक विजन के साथ आगे बढ़ रहा है। केन्द्र सरकार ने इस साल के बजट में खेल के लिए कई प्रावधान किए गए हैं। बेगूसराय के ग्रामीण क्षेत्र से उभर कर आई खेल प्रतिभाएं नई दिशा दे रही है। बेगूसराय में भी खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए लगातार काम किए जाएंगे।

समापन समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर वंदेमातरम से किया गया। इस दौरान वॉलीबॉल, फुटबॉल, कुश्ती, खो-खो एवं ताइक्वांडो जिला स्तरीय विजेता 450 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संचालन कुमार अभिजीत मुन्ना एवं स्वागत भाषण डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी वी. श्रीनिवासन एवं अजय सिंह, राष्ट्रीय तीरंदाज एंजली सिंह, महापौर पिंकी देवी एवं उपमहापौर अनिता राय सहित आयोजन समिति के सभी कार्यकर्ता उपस्थित थे।