पुलिस का दावा- ललित पाटिल ड्रग की तस्करी से हर माह कमाता था 50 लाख रुपये

मुंबई, 20 अक्टूबर । पुलिस का दावा है कि ड्रग तस्कर ललित पाटिल एमडी ड्रग की तस्करी करके हर माह 50 लाख रुपये का मुनाफा कमा रहा था। उसका ड्रग का कारोबार मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक तक फैला हुआ था।

पुलिस के अनुसार इस तरह की जानकारी ललित पाटिल और भूषण पाटिल से की जा रही पूछताछ के दौरान मिली है। पुलिस के अनुसार ललित पाटिल ने अपने भाई भूषण पाटिल के साथ मिलकर 2021 मेें नासिक के शिंदे गांव में एमडी ड्रग का उत्पादन शुरू किया था। यहां से हर महीने 50 किलो एमडी का उत्पादन होता था और ड्रग पेडलर के सहयोग से ड्रग की सप्लाई मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई और नासिक समेत राज्य के अन्य शहरों में की जा रही थी। इस मामले में अब तक 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और कुछ और लोग पुलिस के रडार पर हैं।

ड्रग मामले में गिरफ्तार ललित पाटिल को पुणे की येरवडा जेल में रखा गया था, लेकिन वह बीमारी के बहाने ससून अस्पताल में भर्ती हुआ। इसके बाद ललित पाटिल पुलिस और अस्पताल कर्मियों की मदद से ही ससून अस्पताल से फरार हो गया था। मुंबई पुलिस ने बुधवार को ललित पाटिल को चेन्नई के एक होटल से गिरफ्तार किया और कोर्ट ने पाटिल को सोमवार तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। इस मामले में गुरुवार को ललित पाटिल की सहयोगी दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है।