राहुल गांधी ने विदेश की धरा पर भारत का बढ़ाया मान : कांग्रेस

राहुल गांधी ने विदेश की धरा पर भारत का बढ़ाया मान : कांग्रेस

नई दिल्ली, 04 मार्च, । कांग्रेस का दावा है कि चार बार के सांसद और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी को संबोधित करते हुए भारत का मान ही बढ़ाया है। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा राहुल गांधी पर आधारहीन आरोप लगा रही है।

सुप्रिया ने कहा राहुल गांधी जब कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी जैसे शैक्षणिक संस्थान में अमेरिका और चीन के बीच के द्वंद में भारत की भूमिका और लोकतंत्र पर चर्चा करते हैं तो वे भारत का मान बढ़ाते हैं न कि अपमानित करते हैं। राहुल ने वहां कहा था कि आर्थिक तरक्की के लिए विकासशील देशों को उत्पादन पर जोर देना होगा। जिससे किसी एक का एकाधिकार न होने पाए।

सुप्रिया ने कहा कि चीन मुद्दे पर राहुल गांधी से सवाल पूछने के बजाय भाजपा नेताओं को पीएम मोदी से सवाल पूछना चाहिए। वो पीएम मोदी ही हैं जो जिनपिंग के साथ झूला झूलते नजर आए थे। भारत-चीन सीमा विवाद पर पीएम मोदी ने ही चीन को क्लीनचिट दी है।

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी में दिए अपने संबोधन के दौरान देश की बुराई की है। जबकि कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी ने वहां देश का मान बढ़ाया है। भाजपा उनके बयान को गलत तरीके से पेश कर रही है।