सिवनीः जी-20 में दिखी नए भारत की तस्वीर, मोदी जी के नेतृत्व में बुलंदियों पर पहुंचा भारतः अनुराग ठाकुर

सिवनीः जी-20 में दिखी नए भारत की तस्वीर, मोदी जी के नेतृत्व में बुलंदियों पर पहुंचा भारतः अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री ने कहा- चुनाव जीतने के लिए हिंदू विरोधियों का उपयोग कर रही कांग्रेस

सिवनी, 11 सितम्बर। जी-20 समिट का सफल आयोजन देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। तमाम की चुनौतियों और तनावों के बीच दुनिया के 20 ताकतवर देशों को एक साथ लाने और उनके बीच सहमति बनाने का चुनौतीपूर्ण कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी टीम ने कर दिखाया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आज ऐतिहासिक बुलंदियां हासिल कर रहा है और जी-20 समिट में भी सारी दुनिया ने नए भारत की बुलंद तस्वीर को देखा है। आज सारी दुनिया भारत को उम्मीद भरी निगाहों से देख रही है। यह बात केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सोमवार को सिवनी में महाकौशल क्षेत्र की जन आशीर्वाद यात्रा के शुभारंभ के पूर्व पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।

चुनाव जीतने के लिए हिंदू विरोधियों का उपयोग कर रही कांग्रेस

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि हर दिन कांग्रेस का कोई नेता सनातन को गाली देता है। कांग्रेस का जो ठगबंधन बना है, उसमें ऐसे दल और नेता शामिल हैं, जो भ्रष्टाचार के आरोपी हैं। इन दलों का चाल और चरित्र न बदले, सिर्फ चोला बदलने का प्रयास इन्होंने किया है। इनकी न कोई नीति है, न नेता है और इनकी नीयत में भी खोट है। हर मीटिंग के बाद इस ठगबंधन के नेता हिंदुओं को अपमानित करने में लग जाते हैं, सनातन धर्म पर प्रहार करने का तरीका खोजते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की विदेशी धरती पर जाकर भारत की छवि को खराब करने में लगे हैं, तो देश में उनके सहयोगी नेता सनातन धर्म और हिंदुओं को अपमानित करने में कसर नहीं छोड़ रहे हैं। राहुल गांधी अपने नेताओं के इन कृत्यों के खिलाफ एक शब्द नहीं बोलते, उनके मुंह में दही जम जाती है। इसका मतलब है कि सनातन पर प्रहार करने वाले इन नेताओं को कांग्रेस पार्टी का पूरा समर्थन है। कांग्रेस हिंदुओं को अपमानित कर वोटों का ध्रुवीकरण करना चाहती है और चुनाव जीतने के लिए उन लोगों और दलों का उपयोग कर रही है, जो हिंदु विरोधी हैं। ठाकुर ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता हिंदुओं के खिलाफ बोलने वाले, सनातन धर्म पर प्रहार करने वाले इन नेताओं को चुनाव में मुंहतोड़ जवाब देगी।

देश के सांस्कृतिक वैभव को बढ़ा रही भाजपा की सरकारें

अनुराग ठाकुर ने कहा कि एक तरफ जहां घमंडिया गठबंधन के लोग हिंदुत्व को अपमानित कर रहे हैं, वहीं भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें देश के सांस्कृतिक वैभव को बढ़ाने का काम कर रही हैं। उज्जैन में दिव्य महाकाल महालोक का निर्माण हुआ है। ओंकारेश्वर में आदि शंकराचार्य की भव्य प्रतिमा का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश के अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के विकास की घोषणा भी की है, जिससे प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, देश में भव्य सोमनाथ धाम, केदारनाथ धाम और काशी कॉरीडोर का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान श्री राम के भव्य मंदिर का निर्माण और अयोध्या धाम का विकास भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कार्यकाल में हो रहा है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकारों को बधाई देता हूं।

भाजपा की सरकार ने किया मध्यप्रदेश का कायाकल्प

अनुराग ठाकुर ने कहा कि मैं विशेष तौर पर 18 से 25 वर्ष आयु समूह के उन युवाओं से बात करना चाहता हूं, जिनमें से अधिकांश ने वह दौर देखा नहीं होगा। उन्होंने प्रदेश की वो टूटी फूटी सड़कें नहीं देखी होंगी, प्रदेश में सिंचाई की स्थिति और खेती बाड़ी की दुर्दशा भी उन्होंने नहीं देखी होगी। बिजली के अभाव में उन युवाओं ने लालटेन की रोशनी में पढ़ाई नहीं की होगी। लेकिन यह सच है। आज से लगभग 20 साल पहले कांग्रेस की सरकार ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। जनता ने एक सही निर्णय लिया और 2003 के बाद बनी भाजपा की सरकार ने यह दिखा दिया कि कैसे एक सही निर्णय और भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास प्रदेश का कायाकल्प कर सकता है। उस समय विकास दर काफी कम थी, आज 16 प्रतिशत के लगभग है। कृषि विकास दर जो न के बराबर थी, 18 प्रतिशत के आसपास चल रही है। प्रति व्यक्ति आय रुपये 12 हजार थी, अब एक लाख 40 हजार रुपये हो गई है। तब बजट का आकार लगभग 23 हजार करोड़ रुपये होता था, आज यह 314000 करोड़ रुपया हो गया है। सकल घरेलू उत्पाद जो 86 हजार करोड़ रुपये था, अब 13 लाख 22 हजार करोड रुपए है।

हर वर्ग के कल्याण का प्रयास कर रही मध्यप्रदेश सरकार

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की सरकार हर वर्ग के विकास के लिए प्रयास कर रही है। जनजातीय बंधुओं को अधिकार देने के लिए पेसा एक्ट लागू किया गया और अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। लाडली लक्ष्मी और लाडली बहना जैसी योजनाओं से बेटियों, महिलाओं के सशक्तीकरण के प्रयास किए जा रहे हैं। 60 प्रतिशत से अधिक नंबर लाने पर लेपटॉप की सुविधा देने वाला मध्यप्रदेश संभवतः इकलौता प्रदेश है। पीएम स्वनिधि योजना में रेहड़ी, फेरी वालों को मदद देने में मध्यप्रदेश आगे है।

किसान कल्याणकारी योजनाओं की बात करें तो प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार 6000 रूपये प्रतिवर्ष किसान सम्मान निधि करोड़ों किसानों के खाते में दे रही है, वहीं मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार भी 6000 रुपये दे रही है। इस तरह 12000 रुपये किसानों को सालाना मिल रहा है। ठाकुर ने कहा कि हम मध्यप्रदेश में हुए विकास और जनहित की योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएंगे और भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार के लिए जनता से आशीर्वाद मांगेंगे।