जयपुर, 5 दिसंबर । श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी को श्याम नगर थाना इलाके में मंगलवार दोपहर को गोली मार दी गई है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सुखदेव सिंह को मेट्रो मास अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग की इस घटना के बाद शहर भर के पुलिस अधिकारी आरोपियों की तलाश में जुट गए हैं। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों के जरिए आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, श्याम नगर जनपथ पर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी का घर है। मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे उनके घर दो बदमाश पहुंचे। गोगामेड़ी के सामने आते ही बदमाशों ने फायरिंग करना शुरू कर दिया
फायरिंग की इस घटना की जानकारी जैसे ही सोशल मीडिया पर डाली गई तो वैसे ही उनके समर्थक और समाज से जुड़े लोग अस्पताल के लिए आने लगे। लेकिन उनको अस्पताल में जाने नहीं दिया गया। इस घटना के बाद अब शहर में माहौल खराब नहीं हो इसके लिए भी पुलिस अफसरों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पूरे शहर में हंगामा मचा हुआ है।
गौरतलब है कि गोगामेडी सबसे पहले आनंदपाल एनकाउंटर केस के बाद चर्चा में आए थे। उस समय आनंदपाल की बॉडी को लेकर काफी दिनों तक प्रदर्शन किया गया था। उसके बाद गोगामेडी का नाम काफी ज्यादा चर्चा में आया था।