बाल विवाह के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान, अब तक 18 सौ की गिरफ्तारी

गुवाहाटी, 3 फरवरी । मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के सख्त आदेशों के बाद पुलिस ने पूरे राज्य में बाल विवाह के खिलाफ शुक्रवार से अभियान शुरू किया है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि आज सुबह 8 बजे तक 18 सौ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

जिलेवार मिले आंकड़ों के अनुसार गुवाहाटी में बाल विवाह के सिलसिले में 53 लोग गिरफ्तार किए गए। दो लोग दिसपुर में गिरफ्तार किए गए, जबकि हातीगांव पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया। वशिष्ठ पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सोनापुर पुलिस ने नौ लोगों पकड़ा और एक व्यक्ति को खेत्री पुलिस ने पकड़ा है।

इसी तरह बिश्वनाथ जिला में बाल विवाह के मामले में 129 गिरफ्तार किये गये। बिश्वनाथ चारायाली पुलिस स्टेशन में 22, सतिया में 22, जिंजिया पुलिस स्टेशन में 20, बिहाली में 25, हलीम पुलिस स्टेशन में 4 और गहपुर पुलिस स्टेशन में 32 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रूपहीहाट पुलिस ने केरल जा रहे एक ट्रेवेलर वाहन को जब्त किया है। वाहन में सवार 58 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। संदेह है कि इन लोगों ने गिरफ्तारी से बचने के डर से दूसरे राज्यों में भागने की कोशिश की थी।

दूसरी ओर, बाल विवाह में कथित संलिप्तता के लिए धुबड़ी जिला से कुल 128 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से धुबड़ी से 24, गौरीपुर से 17, बिलासीपारा से 32, सापटग्राम से 3, आगमनी से 9, चापर से 9, गोलकगंज से 26 और तमारहाट से 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने दक्षिण सालमारा-मानकचार जिला से 38 लोगों को गिरफ्तार किया है। हाजो पुलिस की छापेमारी में 12 लोगों को पकड़ा गया है। इनमें से 4 बाल विवाह करने वाले दूल्हा, 4 दूल्हों के पिता, दो ससुर, दो भाई हैं। इन लोगों को हाजो के हिराजेनी, एकादी, दा-वर्नी, मिलपारा और खेपनीकुची में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया है।

जागीरोड से बाल विवाह करने के आरोप में दो लोगों गिरफ्तार गया है। पुलिस ने माजुली से 23 लोगों को नाबालिग लड़कियों का विवाह आयोजित करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। नगांव से कुल 132 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि मोरीगांव में 60 लोगों को पकड़ा गया है।

इस बीच उदालगुड़ी से 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शिवसागर से बाल विवाह में शामिल होने के आरोप में 13 लोग गिरफ्तार किये गये। बाल विवाह से संबंधित मामले में होजाई में 91 लोगों को पकड़ा गया है। वहीं कोकराझार में 85, बरपेटा में 110, ग्वालपाड़ा में 30, बंगाईगांव में 83, चिरांग में 40, गोलाघाट में 4, उत्तर गुवाहाटी में एक व्यक्ति गिरफ्तार हुआ है। दरंग में बाल विवाह में कथित संलिप्तता के आरोप में 31 लोग गिरफ्तार किये गये हैं। डिब्रूगढ़ में 7, करीमगंज में 79 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह अभियान अभी भी जारी है।