इजराइल से भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था रवाना

इजराइल से भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था रवाना

यरुशलम, 15 अक्टूबर। इजराइल-हमास संघर्ष के बीच 197 भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था शनिवार को विशेष उड़ान से भारत के लिए रवाना हो गया। भारत अपने नागरिकों को इजराइल से ऑपरेशन अजय के तहत वापस ला रहा है। हमास आतंकवादियों के इजराइल पर भीषण हमला करने के बाद से क्षेत्र में काफी तनाव पैदा हो गया है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, ऑपरेशन अजय आगे बढ़ रहा है। 197 और यात्री भारत वापस आ रहे हैं।

भारतीय दूतावास ने कहा था कि शनिवार को बेन गुरियन हवाई अड्डे से दो विशेष उड़ानें संचालित होंगी। पहली उड़ान स्थानीय समयानुसार अपराह्न 5:40 बजे रवाना हुई। दूसरी उड़ान स्थानीय समयानुसार रात 11:00 बजे निर्धारित हैं और इसमें 330 यात्री सवार हो सकते हैं।

भारत के लिए 197 भारतीय नागरिकों का तीसरा जत्था स्थानीय समयानुसार अपराह्न करीब 5.40 बजे (भारतीय समयानुसार रात 8.10 बजे) रवाना हुआ। राजदूत संजीव सिंगला ने बताया कि दूतावास इजराइल में हमारे उन सभी नागरिकों की सुविधा के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहा है जो देश छोड़ना चाहते हैं। हमने छात्रों, नर्स और व्यवसायी समेत अन्य लोगों से संपर्क किया है। उनमें से कुछ वास्तव में स्वयंसेवकों के रूप में हमारे साथ काम कर रहे हैं। हम सभी से संयमित रहने का आग्रह करते हैं।

इजराइल में भारतीय दूतावास ने एक्स पर कहा, दूतावास ने शनिवार को दो विशेष उड़ानों को लेकर अगले जत्थे के लिए पंजीकृत भारतीय नागरिकों को ई-मेल किया है। अन्य पंजीकृत लोगों को संदेश बाद की उड़ानों के लिए भेजा जाएगा।

दूतावास के डेटाबेस में सभी भारतीयों को पंजीकृत करने के लिए भारतीय दूतावास द्वारा शुरू किए गए एक अभियान के बाद यात्रियों को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर चुना जाता है। उनकी वापसी का खर्च सरकार उठा रही है।

इजराइल से पहली विशेष उड़ान गुरुवार को 212 लोगों को लेकर रवाना हुई। 235 भारतीय नागरिकों के दूसरा जत्थे ने शुक्रवार देर रात उड़ान भरी। अब तक कुल 644 भारतीय नागरिकों की इजराइल से निकासी हो चुकी है।