केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उड़ाई पतंग, भगवान जगन्नाथ के किए दर्शन

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उड़ाई पतंग, भगवान जगन्नाथ के किए दर्शन

अहमदाबाद, 14 जनवरी । उत्तरायण के त्योहार पर शनिवार को अहमदाबाद में आसमान रंगीन पतंगों से भर गया और मकर संक्रांति का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी त्योहार के मौके पर शुक्रवार रात ही अहमदाबाद पहुंच गए थे। शनिवार को वे भी अहमदाबाद में अपने परिवार और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ त्योहार मनाने में मशगूल रहे।

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद के वेजलपुर क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ पतंगोत्सव मनाया। यहां उनकी धर्मपत्नी भी मौजूद रहीं। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। सर्वप्रथम उन्होंने दुकान से पतंग और फिरकी की खरीदी।

वेजलपुर के वीनस पार्कलैंड सोसायटी में उत्तरायण का त्योहार मनाया। केन्द्रीय मंत्री ने यहां कार्यकर्ताओं के साथ तिल-चिक्की और उंधीया-जिलेबी का स्वाद लिया। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पतंगोत्सव मनाने के बाद शाम को वे अपने लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कलोल गए। यहां भी कार्यकर्ताओं के साथ उन्होंने मुलाकात और बातचीत की।

भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए

अमित शाह ने सुबह परिवार के साथ जगत विख्यात जगन्नाथ मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की। दो दिनों के अपने गुजरात प्रवास में वे रविवार को गांधीनगर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।