अगरतला, 5 जनवरी । केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ करने के लिए गुरुवार को अगरतला पहुंच गए। दोपहर महाराजा बीर विक्रम हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री माणिक साहा और अन्य ने उनकी अगवानी की।
दरअसल, बुधवार रात को केंद्रीय गृह मंत्री का अगरतला पहुंचना था, लेकिन घने कोहरे के कारण उनका विमान अगरतला में नहीं उतर सका। परिणामस्वरूप उनके विमान को गुवाहाटी में लैंड कराया गया। गुरुवार आज सुबह भी उन्हें घने कोहरे के कारण अगरतला आने में देरी हुई। अगरतला पहुंचने पर वे हेलिकॉप्टर से सीधे उत्तर त्रिपुरा के धर्मनगर गए।
केंद्रीय गृह मंत्री आज जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ धर्मनगर और दोपहर 2 बजे सबरम से करेंगे। सबसे पहले वह कदमतला से हरी झंडी दिखाकर जन विश्वास जुलूस की शुरुआत करेंगे। उसके बाद धर्मनगर में जनसभा के बाद दक्षिण त्रिपुरा में सबरम जाएंगे। वह वहां जन विश्वास यात्रा की शुरुआत कर जनसभा में हिस्सा लेंगे।
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री प्रो. (डॉ.) माणिक साहा, उपमुख्यमंत्री जिष्णु देबबर्मा, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक, सांसद बिप्लब कुमार देव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य और भाजपा प्रभारी एवं सांसद संबित पात्रा एयरपोर्ट पर स्वागत किया।