देहरादून, 11 जुलाई । उत्तराखंड में पिछले 05 दिनों से लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। राजधानी में डाकपत्थर के पास यमुना नदी के टापू पर मंगलवार को उफनती नदी में फंसे 07 मजदूर वर्ग के लोगों को सकुशल रेस्क्यू किया गया। ये सभी उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के रहने वाले हैं।
मंगलवार को कोतवाली विकासनगर से एसडीआरएफ टीम को सूचना मिली की डाकपत्थर के पास यमुना नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ने से नदी के बीच बने टापू पर कुछ लोग फंसे हुए हैं। टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचकर त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और नदी के बीच बने टापू पर राफ्ट के माध्यम से पहुंचकर 07 लोगों को उफनती नदी से रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। ये सभी ग्राम फरीदा बांगर, जिला बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं।
गौरतलब है कि ये सभी लोग दैनिक मज़दूरी का कार्य करते हैं, जो अस्थायी तौर पर नदी किनारे निवास करते हैं। लगातार हो रही बारिश के चलते नदी की जलस्तर लगातार बढ़ने से यह लोग अत्यंत भयभीत हो गए। यह सब कल से ही उक्त टापू से किसी सुरक्षित स्थान पर जाना चाहते थे, लेकिन किसी से सम्पर्क स्थापित न होने के कारण वहीं फंस गए। भय के साये में किसी तरह इन्होंने रात गुजारी और सम्पर्क स्थापित होते ही मदद मांगी गई। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था, ऐसे में क्षणभर की देरी भी प्राणघातक सिद्ध हो सकती थी। समय रहते इनका रेस्क्यू किया गया।
रेस्क्यू किये गए व्यक्तियों का विवरण- पिंटू पुत्र कैलाश सिंह (21), मेघनाथ पुत्र राम सिंह (27) कैलाश सिंह पुत्र स्वर्गीय हीरालाल (60), जय सिंह पुत्र रामफल ( 50),चमेली पत्नी जय सिंह (45),मीनाक्षी पत्नी पिंटू (21),पिंकी पुत्री जय सिंह (16)।
सुरक्षित स्थान पर भेजा-
थाना क्लेमेंट टाउन क्षेत्र अंतर्गत कश्मीरी हाउस और ब्रहमपुरी बस्ती में लगभग 25 मकानों में ब्रह्मपुरी नाले का पानी घुसने की स्थिति में अपने घरों में फंसे लोगों को थाना क्लेमेंट टाउन पुलिस ने सभी स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। सभी को घर खाली करने के लिए कहा गया।