बलिया : नगर पंचायतों में अभी तक निर्दलीयों का दबदबा

बलिया : नगर पंचायतों में अभी तक निर्दलीयों का दबदबा

बलिया, 13 मई । नगर निकाय चुनाव के लिए हुए मतदान के बाद शनिवार को सभी तहसील मुख्यालयों पर सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में अधिकांश नगर पंचायतों में भाजपा पिछड़ रही है।

निकाय चुनाव के लिए मतगणना केन्द्रों के बाहर परिणाम जानने के लिए प्रत्याशियों के समर्थक सुबह से ही जुट गए थे। मतगणना केन्द्रों के आसपास सुरक्षा के भारी इंतजाम किए गए हैं।

बलिया नगर पालिका के साथ चितबड़ागांव व रतसर नगर पंचायत की मतगणना जिला मुख्यालय स्थित मंडी परिषद में हो रही है। सुबह जैसे ही मतगणना शुरू हुई, उम्मीदवारों के एजेंटों के बीच आपस में गहमा-गहमी होने लगी। हो-हल्ला होने के बाद बलिया नगर पालिका अध्यक्ष पद के निर्दल उम्मीदवार संजय उपाध्याय के एजेंट जमाल आलम को पुलिस मतगणना स्थल के बाहर ले गई। इसके बाद भी एक-एक मत पत्र के लिए एजेंटों के बीच रस्साकशी चल रही है। जिलाधिकारी रवींद्र कुमार व एसपी राजकरण नय्यर लगातार मतगणना केन्द्रों का निरीक्षण करते दिखे। हालांकि, पहले राउंड की

गणना होने के बाद भी जिला निर्वाचन विभाग की तरफ से कोई जानकारी नहीं दी गई। हालांकि, प्रत्याशियों के एजेंटों से मिली जानकारी के अनुसार बलिया नगर पालिका अध्यक्ष पद पर मुख्य मुकाबला भाजपा उम्मीदवार सन्त कुमार गुप्ता व निर्दल संजय उपाध्याय के बीच है। इसमें संत कुमार को बढ़त हासिल है। यहां फिलहाल सपा उम्मीदवार लक्ष्मण गुप्त काफी पीछे हैं। वहीं, सहतवार में सपा समर्थित निर्दल सरिता सिंह को 1743 व भाजपा के अजय सिंह को 1456 मत मिले हैं। बांसडीह में निर्दल उम्मीदवार धीरेंद्र सिंह 1184 मत पाकर आगे चल रहे हैं। यहां दूसरे नम्बर पर 1132 वोट पाकर सपा के सुनील सिंह हैं। रतसर नगर पंचायत के मतगणना में अभी तक निर्दल अजय को 820 व भाजपा के विजय को 809 मत मिले हैं। रेवती नगर पंचायत में निर्दल राणा योगेंद्र विक्रम सिंह को 1257, निर्दल जयश्री को 1498 व भाजपा के अभिज्ञान तिवारी को 937 मत मिले हैं।