दूसरे का घर जलता देख, खुश होना राक्षसी प्रवृत्ति: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

दूसरे का घर जलता देख, खुश होना राक्षसी प्रवृत्ति: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

कहा- कर्नाटक चुनाव परिणाम का असर महाराष्ट्र पर नहीं पड़ेगा

मुंबई, 13 मई । मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि दूसरे का घर जलता देख खुश होना राक्षसी प्रवृत्ति है। कर्नाटक में कौन जीता और कौन हारा, यह सभी देख रहे हैं। लेकिन कुछ लोग इस पर अनायास खुश हो रहे हैं। उन्हें अपना घर जलते नहीं दिख रहा है।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सातारा जिले में कर्नाटक विधानसभा चुनाव परिणाम पर शनिवार को पत्रकारों को प्रतिक्रिया दी। सीएम शिंदे ने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस चुनाव जीती है लेकिन महाराष्ट्र में बीजेपी हमारी सहयोगी है। हम जनमत की आवाज का सम्मान करने वाले लोग हैं। मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि हम एक राज्य के परिणाम पर पूरे प्रदेश के बारे में धारणा नहीं बना सकते। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले कुछ उपचुनाव हुए थे। उसमें बीजेपी को जीत नहीं मिली थी लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी देश में स्पष्ट बहुमत वाली पार्टी बनी थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी ने सबसे ज्यादा सीटें जीती थीं।

सीएम शिंदे ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा चल रही थी। बीजेपी ने मेघालय, त्रिपुरा और नगालैंड जैसे तीन राज्यों के चुनाव जीते हैं। एक राज्य का चुनाव पूरे देश को प्रभावित करेगा, ऐसी भविष्यवाणी करना खुद की पीठ थपथपाना है। इस चुनाव का असर देश के लोकसभा चुनाव पर नहीं पड़ेगा। साथ ही इस चुनाव का महाराष्ट्र पर कोई असर नहीं पड़ेगा। क्योंकि जनता पिछले ढाई साल की कोमा में गई सरकार को देख चुकी है। हमारी सरकार कड़ी मेहनत और जोश के साथ काम कर रही है। लोग कोमा और जोश के बीच का अंतर जानते हैं। महाराष्ट्र के लोगों को कामकाजी लोगों की जरूरत है।

एकनाथ शिंदे ने यह भी कहा कि राज्य की जनता को घर में बैठे लोग पसंद नहीं हैं। प्रदेश की जनता समझदार है। जनता काम करने वाली सरकार के साथ खड़ी है। लोग ऐसे लोगों के पीछे खड़े होते हैं जो आम लोगों के जीवन में बदलाव लाते हैं। हम दोगुना तेजी से काम करेंगे। अगले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में शिवसेना-भाजपा पूरी ताकत से लड़ेंगी और हम पूर्ण बहुमत से जीतेंगे।