कोटा, 16 नवंबर । राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 का प्रचार अभियान प्रदेश में जोर-शोर से चल रहा है। प्रत्याशियों के परिजन भी उनके साथ प्रचार में जुटे हैं। इस बीच एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कोटा उत्तर के प्रत्याशी शांति धारीवाल की पुत्रवधू उन्हें बूढ़ा शेर कहती नजर आ रही है।
प्रदेश के यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल को कांग्रेस की अंतिम लिस्ट में कोटा उत्तर से चुनावी मैदान में उतारा गया है। उनकी पुत्रवधू एकता धारीवाल भी उनके प्रचार के लिए जुटी हैं। वह अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर प्रचार कर रही हैं। इस बीच वो धारीवाल का प्रचार करने के लिए रंग तालाब स्थित नई बस्ती में गई थीं, जहां उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है। आधी रात को भी अगर कोई उन्हें फोन करेगा, तो वो मौके पर आप लोगों को बचाने के लिए पहुंच जाएंगी।
एकता के साथ ये सारी माताएं, बहनें और लोग खड़े हैं। किसी को भी डरने और चिंता करने की जरूरत नहीं है। हमारे ऊपर हमारा बाप शांति धारीवाल बैठा हुआ है। इसके बाद फिल्मी अंदाज में बोलते हुए एकता धारीवाल ने कहा कि आपने सुना होगा, टाइगर जिंदा है। यह टाइगर वापस आएगा। शेर कभी अपनी जगह नहीं छोड़ता है। शेर बूढ़ा हो जाता है, लेकिन शेर तो शेर ही रहता है।
कोटा उत्तर विधानसभा सीट प्रदेश की हॉट सीट है। यहां पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल भारतीय जनता पार्टी से चुनावी मैदान में हैं। उनके सामने यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल चुनाव लड़ रहे हैं।