मजबूत इरादों और नवाचार से आमजन में बढ़ा पुलिस के प्रति विश्वास: मुख्यमंत्री

मजबूत इरादों और नवाचार से आमजन में बढ़ा पुलिस के प्रति विश्वास: मुख्यमंत्री

जयपुर, 16 अप्रैल । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान में पुलिस का इकबाल बुलंद है। इसी से ही राजस्थान देश में शांति एवं सुरक्षित प्रदेश माना जाता है। लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप पुलिस ने अपना दायित्व निष्पक्षता और संवेदनशीलता से बखूबी निभाया है। बेहतर जांच और सतर्कता से अपराधियों को सजा और पीड़ितों को न्याय मिला है।

गहलोत रविवार को राजस्थान पुलिस अकादमी में राजस्थान पुलिस स्थापना दिवस पर परेड के निरीक्षण के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों एवं अधिकारियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस कर्मियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के मजबूत इरादों और नवाचार से आमजन में विश्वास बढ़ा है। अपराध नियंत्रित होने के साथ जांच समय में भी कमी आई है। पुलिस के ध्येय वाक्य आमजन में विश्वास-अपराधियों में भय जनता में साकार होता दिख रहा है।

गहलोत ने कहा कि पिछले एक माह में जिस तरह पुलिस द्वारा अपराधियों को पकड़ने के लिए ऑपरेशन चलाए गए, जिससे अपराधों में 10 प्रतिशत की कमी आई है। राज्य सरकार असामाजिक तत्वों को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान पुलिस समर्पित भाव से देश के सर्वश्रेष्ठ पुलिस बल के रूप में पहचान कायम रखेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना संक्रमण के समय में पुलिस का मानवीय रूप देखने को मिला। उन्होंने घर-घर खाना पहुंचाने के साथ सुरक्षित माहौल कायम रखकर अपनी जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में चुनौतियों से हमारा सामना होगा। उन्होंने कहा कि संवेदनशील राज्य सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश के विकास में इतिहास रचा है। अब 24 अप्रैल से प्रदेशभर में महंगाई राहत कैंप आयोजित होंगे। इनमें लोगों को जनाधार कार्ड के जरिए योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहादत को नमन किया। उन्होंने परेड ग्राउंड में परेड निरीक्षण करते हुए पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाया।

समारोह में पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने कहा कि पुलिसकर्मी आमजन की रक्षा और सेवा के लिए हमेशा कटिबद्ध है। सजग प्रहरी की भूमिका में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रही है। अंत में आरपीए के निदेशक राजीव शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, गृह राज्यमंत्री राजेन्द्र यादव, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह आनंद कुमार सहित कई आला अधिकारी मौजूद रहे।