गहलोत जी के वश में हो तो केंद्रीय मंत्रियों के आने पर बैन लगा दें : शेखावत

गहलोत जी के वश में हो तो केंद्रीय मंत्रियों के आने पर बैन लगा दें : शेखावत

जयपुर, 27 सितंबर । केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि अशोक गहलोत जी के वश में हो तो केंद्रीय मंत्रियों के आने पर बैन लगा दें। बाड़ेबंदी की तो उन्हें आदत है।

उपराष्ट्रपति के राजस्थान दौरों पर मुख्यमंत्री गहलोत द्वारा बुधवार को सवाल उठाने पर शेखावत ने कहा कि अशोक गहलोत जी हार से डरे हुए हैं। उन्हें उपराष्ट्रपति का राज्य में आगमन भी खटक रहा है। केंद्र से तो वैसे ही उन्होंने तकरीबन सारे संबंध काट लिए हैं। उनके वश में हो तो केंद्रीय मंत्रियों के आने पर बैन लगा दें। बाड़ेबंदी की तो उन्हें आदत है। एक मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप गहलोत जी बहुत हल्की बातें करते हैं। अब क्या कांग्रेस राजस्थान आने के लिए वीजा देगी?

वहीं, कर्मचारियों के भुगतान रुकने की खबरों पर शेखावत ने तंज कसा कि कौन कहता है कि जनता को राहत न दो? लेकिन साढ़े चार साल सोने के बाद चुनावी लाभ के लिए सफेद हाथी जैसी इतनी घोषणाएं कर दो कि कर्मचारियों को भुगतान का संकट हो जाए, क्या ये अन्याय नहीं है? उन्होंने कहा कि दीपावली का त्योहार सामने है और राज्य सरकार आमजन का दीवाला निकालने में जुटी प्रतीत हो रही है।