बालासोर रेल हादसे पर लोकसभाध्यक्ष बिरला, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा, बेनीवाल समेत कई नेताओं ने जताया दु:ख

बालासोर रेल हादसे पर लोकसभाध्यक्ष बिरला, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा, बेनीवाल समेत कई नेताओं ने जताया दु:ख

जयपुर, 3 जून । ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण रेल हादसे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, रालोपा के संयोजक हनुमान बेनीवाल समेत कई नेताओं ने दुःख जताया है। कांग्रेस-भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। साथ ही घायलों की कुशलक्षेम और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से कामना की है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपने ट्वीट में लिखा कि ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण रेल हादसे में कई लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। असीम पीड़ा की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। हादसे में घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने रेल हादसे पर अपनी संवेदनाएं साझा की। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि ओडिशा के बालासोर क्षेत्र में ट्रेन के दुर्घटनाग्रस्त होने से कई यात्रियों के हताहत होने के समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति व परिजनों को यह कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वहीं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।

राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने ट्वीट कर लिखा कि ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण रेल हादसे में कई लोगों की दर्दनाक मृत्यु का समाचार प्राप्त हुआ है। हादसे में जान गंवाने वालों लोगों के परिजनों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को दु:ख की इस कठिन घड़ी में धैर्य व संबल प्रदान करें। साथ ही ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी भीषण रेल हादसे पर दुःख जताते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि ओडिशा में हुए भीषण रेल हादसे में कई लोगों के प्राण गंवाने एवं घायल होने की खबर हृदयविदारक एवं दुःखद है। ईश्वर मृतकों की आत्मा को शांति दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहने का संबल प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक हनुमान बेनीवाल ने ट्वीट संदेश में लिखा कि ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण रेल हादसे में कई लोगों की मृत्यु हो जाना व घायल हो जाना अत्यंत पीड़ादायक है, हादसे में दिवंगत हुए नागरिकों की आत्मा की शांति के लिए परमात्मा से प्रार्थना करता हूं। असीम पीड़ा की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। हादसे में घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।