अंतरिक्ष यात्री बज एल्ड्रिन ने 93वें जन्मदिन पर की चौथी शादी

अंतरिक्ष यात्री बज एल्ड्रिन ने 93वें जन्मदिन पर की चौथी शादी

लॉस एंजिल्स, 22 जनवरी । अंतरिक्ष यात्री एडविन बज एल्ड्रिन ने अपने 93वें जन्मदिन पर शुक्रवार को यहां सादे समारोह में शादी की। डॉ. एंका वी फौर से उनकी यह चौथी शादी है। बज एल्ड्रिन ने इसकी घोषणा फेसबुक पर की।

एडविन बज एल्ड्रिन ने लिखा है- मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अपने लंबे समय के प्यार और साथी डॉ. एंका वी फौर और मैं शादी के पवित्र बंधन में बंध गए हैं। हम भागे हुए किशोरों की तरह उत्साहित हैं।

यह शादी दुनियाभर में चर्चा का विषय है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनकी फेसबुक पोस्ट को शनिवार तक 53,000 लोगों ने लाइक किया। शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर शेयर की जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि 20 जुलाई, 1969 को अपोलो 11 मिशन के तहत अंतरिक्ष यात्री आर्मस्ट्रांग और एल्ड्रिन ने चंद्रमा की सतह पर कदम रखा था। इस मिशन में तीसरे सदस्य के रूप में माइकल कोलिन्स शामिल थे।