नारनौल, 6 मार्च । अखिल भारतीय सिविल सेवा शतरंज प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला) आगामी 11 से 19 मार्च तक विश्वनाथन शतरंज हॉल कैंपस भुवनेश्वर उड़ीसा में होगी। इस प्रतियोगिता के लिए हरियाणा के अधिकारियों का चयन 9 मार्च को पानीपत में होगा।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी मदन पाल ने सोमवार को बताया कि अखिल भारतीय सिविल सेवा शतरंज प्रतियोगिता (पुरुष एवं महिला) के लिए हरियाणा राज्य की ओर से भाग लेने वाले खिलाड़ियों का चयन 9 मार्च को सुबह 10 बजे शिवाजी स्टेडियम पानीपत में किया जाएगा। केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं खेल बोर्ड की हिदायत अनुसार इन सिविल सेवा प्रतियोगिता में रक्षा सेवा, अर्द्ध सैन्य संगठनों, केंद्रीय पुलिस संगठन, पुलिस, आरपीएफ,
सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी, एनएसजी आदि से जुड़े कर्मचारी भाग ले सकते हैं। इसके अलावा स्वायत्त निकायों, उपक्रमों, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी भी भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि सिविल सेवा प्रतियोगिता से संबंधित हिदायतें आप वेबसाइट डीओपीटी डॉट जीओवी डॉट इन पर देख सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिला महेंद्रगढ़ में जो भी कर्मचारी इस श्रेणी में आता है वह इसमें भाग ले सकता है। निर्धारित तिथि के बाद कोई भी कर्मचारी इस प्रतियोगिता में भाग नहीं ले सकेगा।