नई दिल्ली, 29 अगस्त । हॉकी इंडिया ने 5एस एशिया कप का खिताब जीतने पर भारतीय महिला टीम को बधाई है। साथ ही उनकी जीत और बेहतरीन प्रदर्शन के लिए टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को 1-1 लाख रुपये पुरस्कार स्वरुप देने की घोषणा की है।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने सोमवार को थाईलैंड को 7-2 से हराकर उद्घाटन महिला हॉकी5एस एशिया कप का खिताब जीत लिया है।
भारत ने खिताबी जीत के साथ ही एलीट ग्रुप में पहला स्थान हासिल करते हुए एफआईएच महिला हॉकी 5एस विश्व कप ओमान 2024 के लिए क्वालीफाई कर लिया। भारत के लिए मारियाना कुजूर (2, 8), मोनिका दीपी टोप्पो (7), ज्योति (10, 27), नवजोत कौर (23) और महिमा चौधरी (29) ने गोल किया, जबकि थाईलैंड के लिए, कुंजिरा इनपा (5) और सानपौंग कोर्नकानोक (5) ने गोल किया।
खिताब जीतने और एफआईएच महिला हॉकी 5s विश्व कप ओमान 2024 के लिए क्वालीफाई करने पर टीम को बधाई देते हुए, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, मैं भारतीय महिला हॉकी टीम को एफआईएच महिला हॉकी 5s विश्व कप ओमान 2024 के लिए क्वालीफाई करने के लिए बधाई देता हूं। इसमें शामिल सभी लोगों का यह एक शानदार टीम प्रयास था और मैं टीम को एफआईएच महिला हॉकी 5एस विश्व कप ओमान 2024 के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, महिला एशियाई हॉकी 5एस विश्व कप क्वालीफायर जीतने और उसके बाद अगले साल के विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने पर भारतीय महिला हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई। आपने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। यह एक रोमांचक टूर्नामेंट रहा है और पिछले कुछ महीनों के सभी प्रयासों और प्रशिक्षण का फल इस जीत के रूप में मिला है।