रोहित शर्मा ने सफल डब्ल्यूपीएल नीलामी पर मुंबई इंडियंस को दी बधाई, कहा- हमारा परिवार अब बड़ा और मजबूत हुआ है

रोहित शर्मा ने सफल डब्ल्यूपीएल नीलामी पर मुंबई इंडियंस को दी बधाई, कहा- हमारा परिवार अब बड़ा और मजबूत हुआ है

नई दिल्ली, 14 फ़रवरी । भारत और मुंबई इंडियंस पुरुष टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने मंगलवार को एक सफल महिला प्रीमियर लीग नीलामी के लिए अपने फ्रेंचाइजी को बधाई दी। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के पहले संस्करण की नीलामी सोमवार को हुई।

रोहित ने सफल नीलामी पर अपनी फ्रेंचाइजी को बधाई देने के लिए ट्विटर का सहारा लिया।

रोहित ने ट्वीट किया, एक परिवार अब बड़ा और मजबूत है। सफल नीलामी के लिए फ्रैंचाइजी को बधाई। हमारी महिला टीम को ब्लू और गोल्ड में देखने का इंतजार है।

भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर को मुंबई इंडियन ने 1.8 करोड़ रुपये में खरीदा। मुंबई ने भारतीय कप्तान के लिए बोली लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कौर के लिए आरसीबी ने बोली शुरू की, बीच में दिल्ली कैपिटल्स भी बोली-प्रक्रिया में शामिल हो गई और बोली को 1.10 करोड़ रुपये तक ले गई। अंत में, मुंबई भारतीय कप्तान को अपने साथ जोड़ने में सफल रही।

बाद में नीलामी में, मुंबई ने नेट साइवर-ब्रंट (इंग्लैंड), अमेलिया केर (न्यूजीलैंड), पूजा वस्त्राकर (भारत), यास्तिका भाटिया (भारत), हीदर ग्राहम (ऑस्ट्रेलिया), इस्सी वोंग (इंग्लैंड), हेले मैथ्यूज (वेस्टइंडीज) और क्लो ट्रायॉन (दक्षिण अफ्रीका) जैसे अंतरराष्ट्रीय सितारों की सेवाएं हासिल कीं।

डब्ल्यूपीएल का उद्घाटन संस्करण मुंबई में 4 से 26 मार्च तक मुंबई के दो स्थानों पर खेला जाएगा।

मुंबई इंडियंस की पूरी टीम इस प्रकार है : हरमनप्रीत कौर, नेट साइवर-ब्रंट, अमेलिया केर, पूजा वस्त्राकर, यास्तिका भाटिया, हीथर ग्राहम, इस्सी वोंग, अमनजोत कौर, धारा गुर्जर, सायका इशाक, हेले मैथ्यूज, क्लो ट्रायॉन, प्रियंका बाला, हमायरा काज़ी, नीलम बिष्ट, जिंतमणि कलिता, सोनम यादव।