भागलपुर, 06 अप्रैल । जिले के सबौर थाना क्षेत्र के लैलख रेलवे स्टेशन के समीप सड़क किनारे एक मिठाई की दुकान में गुरुवार को शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग के लपेटे में आने से दो गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। जिससे कुछ ही मिनट में करीब 15 दुकानें, दो मोटरसाइकिल सहित अन्य कई चीजें जलकर राख हो गए। गैस सिलेंडर के ब्लास्ट होने से वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र आग के गोले में तब्दील हो गया।
उल्लेखनीय है कि लैलख रेलवे स्टेशन परिसर के बाईं तरफ तकरीबन 30 लोगों की दुकानें हैं। जिससे 30 परिवार का भरण पोषण होता है। आग लगने से तकरीबन15 दुकानें जलकर खाक हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थी कि आग पर काबू पाना काफी मुश्किल हो रहा था। उधर सूचना मिलने पर जब-तक मौके पर अग्निशमन की गाड़ी पहुंची तब तक दुकानें जलकर राख हो चुकी थी। यहां मौजूद मिठाई की दुकान, कोल्ड ड्रिंक की दुकान, किराना दुकान सभी जलकर खाक हो गए। घटना तकरीबन 11 बजे दिन की है।
कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हम लोगों को पहले तेज धुआं उठते दिखाई दिया। फिर जब हम लोग सामने आए और उस आग को बुझाने की कोशिश किए तब तक आग अपना विकराल रूप धारण कर लिया। 12 से 15 दुकानें देखते ही देखते आंखों के सामने जलकर खाक हो गए। वहीं इसमें दो जोरदार आवाजें भी हुई।
उम्मीद जतायी जा रही है कि जिस दुकान में गैस सिलेंडर रखी थी वह ब्लास्ट हो गया। जिसके चलते आगजनी की इतनी बड़ी घटना हुई। हालांकि जान माल की क्षति नहीं हुई है लेकिन इस आगजनी से लाखों रुपए का नुकसान जरूर हुआ है।
पीड़ित दुकानदारों का कहना है कि हम लोगों को अभी तक आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल पाया है लेकिन हम लोग सड़क पर आ गए। इसी दुकान के सहारे अपने परिवार का जीवन यापन किया करते थे। अगर समय पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी आ जाती तो शायद इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। उधर अग्निशमन दल ने आग पर काफी मशक्कत करने के बाद काबू पाया। लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचती तब तक लाखों की क्षति हो चुकी थी।