सिर्फ यात्रा नहीं, बेगूसराय की समस्याओं का समाधान करें मुख्यमंत्री : कुंदन कुमार

सिर्फ यात्रा नहीं, बेगूसराय की समस्याओं का समाधान करें मुख्यमंत्री : कुंदन कुमार

बेगूसराय, 15 फरवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मीडिया सेल के बिहार प्रदेश संयोजक और बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार ने समाधान यात्रा पर 16 फरवरी को आ रहे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से महत्वपूर्ण समस्याओं का समाधान करने की मांग किया है। इसके लिए बुधवार को उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर प्रमुख समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।

कुंदन कुमार ने कहा है कि बेगूसराय जिला बिहार का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है। राज्य से सीधे अपने उत्पाद और वस्तुओं का निर्यात करने के लिए औद्योगिक ढांचा शुष्क बंदरगाह होने से भारी वाहनों की अनियमित पार्किंग से निजात, ट्रैफिक के समस्या से निजात, सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं में कमी होगी। कंटेनर यार्ड, विदेशी मुद्रा बैंक एवं विश्व स्तरीय सुविधाएं प्रदान करके राज्य निर्यातक बनने का अवसर प्रदान करें।

बेगूसराय में बियाडा के दो सौ एकड़ भूमि पर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर की स्थापना किया जाए। हवाई अड्डा के लिए जमीन अधिग्रहण कर निमार्ण का मार्ग प्रशस्त किया जाए। वीर कुंवर सिंह चौक से रजौड़ा होते हुए रोसड़ा तक जाने वाली एसएच-55 को एनएच में शामिल किया जाए। नगर निगम चौक से खातोपुर तक सड़क चौड़ीकरण किया जाए। विश्व प्रसिद्ध काबर झील एवं पालवंश में स्थापित जयमंगलागढ़ मंदिर का विकास कर पर्यटक स्थल के रूप विकसित करते हुए अन्य सुविधा प्रदान किया जाए।

करीब चार वर्ष पूर्व निविदा होने के बावजूद भी बखरी अनुमंडलीय अस्पताल का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ, उक्त अनुमंडलीय अस्पताल का निर्माण कार्य किया जाए। मंझौल अनुमंडलीय अस्पताल का कामकाज प्रारंभ करने का मार्ग प्रशस्त किया जाए। बेगूसराय में दिनकर विश्वविद्यालय की स्थापना हो। सभी जनप्रतिनिधियों को शस्त्र का लाईसेंस निर्गत किया जाए। ग्राम रक्षा दल-सह-पुलिस मित्र को उचित मानदेय, स्थाईकरण, पंचायत भवन में नियुक्ति एवं उनके जीवन सुरक्षा बीमा दिया जाए।

वीरपुर प्रखंड में बैती नदी तथा बेगूसराय प्रखंड के रजौड़ा में देवकी नदी पर पुल निर्माण कार्य किया जाए। बेगूसराय प्रखंड के कैथ पंचायत में सकरी घाट से सांगो कोठी तक जाने वाली सड़क के बीच कोला नदी के ऊपर पूर्व से निर्मित दयनीय और जर्जर पुल का निर्माण कार्य किया जाए। बरौनी प्रखंड के सहुरी पंचायत के चौर क्षेत्र, बेगूसराय प्रखंड के खम्हार, मोहनपुर, वन्द्वार एवं अझौर पंचायत के चौर का संपर्क कोला नदी से कट जाने के कारण जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जिससे विगत दो-तीन वर्षो से किसानों का फसल नहीं हो रहा है, किसान भुखमरी का सामना कर रहे हैं, इस समस्या से निपटने की व्यवस्था हो।

बेगूसराय के सदर अस्पताल में ब्लड सेपरेटर मशीन लगाया गया है, लेकिन अभी तक चालू नहीं हुआ है, उक्त मशीन को जल्द शुरू किया जाए। बेगूसराय सदर एवं वीरपुर प्रखंड के 12 सड़कों की स्थिति अत्यंत दयनीय है, उसका पुनर्निर्माण हो। वीरपुर प्रखंड का उत्क्रमित मध्य विद्यालय मखवा, बेगूसराय नगर निगम का रतनपुर मध्य विद्यालय एवं मिर्जापुर वन्द्वार मध्य विद्यालय तथा बेगूसराय प्रखंड का हैवतपुर मध्य विद्यालय जीर्ण-शीर्ण हालत में है। वीरपुर प्रखंड के ऐतिहासिक स्थल नौलागढ तथा वरैपुरा काली मंदिर एवं बसहा मंदिर का विकास कर पर्यटक स्थल के रूप विकसित करते हुए अन्य सुविधा प्रदान किया जाए। बेगूसराय का ऐतिहासिक नौलखा मंदिर जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है, उसे संरक्षित करते हुए जीर्णोद्धार किया जाए।