भागलपुर के दक्षिणी क्षेत्र में बनेगा हाईटेक पार्क, योजना के लिए राशि स्वीकृत

भागलपुर, 06 अप्रैल । भागलपुर के दक्षिणी क्षेत्र वार्ड नंबर 43 में कई सुविधाओं से लैस हाईटेक पार्क बनाने के लिए नगर निगम की कमेटी ने इस योजना को पारित कर दिया है। योजना की राशि भी मुहैया की जा चुकी है। इसी बाबत गुरुवार को मेयर डॉ वसुंधरा लाल, वार्ड नंबर 43 के पार्षद पति मोहम्मद सोनू, वार्ड 50 के पार्षद पंकज कुमार, नगर निगम के इंजीनियर ज्योति कुमार के अलावा स्थानीय समाज के लोग एकत्रित हुए और कई बिंदुओं पर चर्चा की गई।

उल्लेखनीय हो कि कई वर्षों से दक्षिणी क्षेत्र के मिरजान हाई स्कूल के पास एक मैदान खाली पड़ा है। मेयर डॉक्टर वसुंधरा लाल ने उस मैदान का जीर्णोद्धार करने के लिए वहां हाइटेक पार्क बनाने को सोचा। इस मैदान का सौंदर्यीकरण, चारदीवारी 6 फीट, चलने के लिए फुटपाथ के अलावा कई सुविधाओं से इस पार्क को लैस किया जाएगा। उधर कार्य की स्वीकृति मिलने से वार्ड 43 के साथ साथ दक्षिणी क्षेत्र के सभी लोग काफी खुश दिख रहे हैं। इस मौके पर वहीं मेयर डॉक्टर वसुंधरा लाल ने कहा कि यह पार्क जल्द से जल्द बनकर तैयार होगा। दक्षिणी क्षेत्र के लिए प्रयास जो मेरे मन में वर्षों से चल रहा था। वह अब पूरा होगा।