बेगूसराय, 06 अप्रैल । सिमरिया गंगा धाम में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में जाने से गुरुवार को डूब कर एक युवक मौत हो गई। सूचना मिलते ही पहुंचे डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिसोर्स फोर्स (डीडीआरएफ) के गोताखोरों ने काफी कोशिश के बाद शव को नदी से निकाला है। मृतक 15 वर्षीय शुभ कुमार पंडारक निवासी संजय कुमार का पुत्र था।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि बरौनी थर्मल प्लांट में काम करने वाले संजय कुमार गुरुवार को अपने पत्नी और पुत्र शुभ कुमार के साथ शुभ कुमार गुरुवार को गंगा स्नान करने के लिए सिमरिया आए थे। यहां यह लोग मुख्य घाट पर स्नान करने के बदले खतरनाक घोषित किए गए राम घाट पर स्नान करने चले गए। स्नान करने के दौरान शुभ कुमार घाट से थोड़ी दूर चला गया, जिससे डूब कर उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सिमरिया गंगा घाट पर तैनात डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिसोर्स फोर्स (डीडीआरएफ) के गोताखोर अनिल कुमार सहित पूरी टीम ने चार घंटे से अधिक की कोशिश के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। प्रतिबंधित किए गए घाट से दो सौ मीटर दूर शव मिलने के कारण आशंका जताई जा रही है कि तैरने के दौरान असंतुलित होने से यह हादसा हुआ। फिलहाल पुत्र की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।