नगर निकाय के प्रतिनिधियों ने ली कर्तव्य और निष्ठा की शपथ

नगर निकाय के प्रतिनिधियों ने ली कर्तव्य और निष्ठा की शपथ

बेगूसराय, 13 जनवरी । बेगूसराय नगर निगम सहित जिले के सभी छह नगर निकाय के मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण शुक्रवार को समारोह पूर्वक संपन्न कर लिया गया।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्थित कारगिल विजय भवन में अपर समाहर्ता राजेश कुमार सिंह ने नगर निगम के महापौर पिंकी देवी, उप महापौर अनीता देवी एवं सभी नगर पार्षदों को कर्तव्य और निष्ठा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर समाहरणालय के बाहर बड़ी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटी हुई थी।

शपथ ग्रहण समारोह के लिए कक्ष में सिर्फ जनप्रतिनिधियों को ही प्रवेश करने दिया गया। शपथ ग्रहण को लेकर सुरक्षा के भी कड़े बंदोबस्त किए गए थे तथा शपथ कार्यक्रम होने के बाद गाजे-बाजे के साथ महापौर निगम कार्यालय पहुंचे। फूलों से सजे कार्यालय परिसर के महापौर कक्ष में नगर आयुक्त मनोज कुमार ने स्वागत किया। इसके बाद सभागार में महापौर एवं उपस्थित नगर पार्षदों का स्वागत किया एवं परिचय कराया गया।

शपथ ग्रहण के बाद बेगूसराय नगर निगम के सबसे कम उम्र के पार्षद वार्ड नंबर-31 के रंजीता कुमारी ने बताया कि उसके पिता जितेन्द्र राम बेगूसराय नगर निगम में सफाई जमादार हैं। लंबे समय से उनकी इच्छा थी कि पिता-पुत्री मिलकर समाज की सेवा करें। ग्रेजुएशन करने के बाद 21 वर्ष की उम्र में समाज सेवा करने के लिए चुनाव मैदान में उतरी और जनता का भरपूर मिला प्यार मिला है। जनता की सेवा के लिए पिता और अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर रहे हैं। कोई भी लोग फोन करेंगे तो उनके सभी कार्य घर पहुंचकर करेंगे।

बेगूसराय नगर निगम के अलावा नगर परिषद बीहट, बरौनी, तेघड़ा, बखरी एवं बलिया में भी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी द्वारा हर्षोल्लास पूर्वक शपथ ग्रहण कराया गया। इधर नगर निगम स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप महापौर अनीता देवी सहित कई नगर पार्षदों की उपस्थिति चर्चा का विषय बन गया है।